सविता गुप्ता होंगी करसोग नगर पंचायत की नई अध्यक्ष

punjabkesari.in Thursday, Mar 09, 2023 - 10:24 PM (IST)

करसोग (यशपाल): नगर पंचायत करसोग के अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित होने के बाद हुए चुनाव में सविता गुप्ता को नया अध्यक्ष चुना गया है। इसकी पुष्टि एसडीएम करसोग ओम कांत ठाकुर ने की है। बताते चलें कि पंचायत करसोग के 4 वार्ड सदस्यों ने अध्यक्ष सीमा गुप्ता के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया था। तमाम औपचारिकताएं पूरी करने के बाद नियमानुसार चुनाव के लिए 7 मार्च की तिथि तय की गई थी लेकिन इस दिन कोरम पूरा नहीं हो पाया, जिसके चलते 9 मार्च को चुनाव का आयोजन करवाया गया। इस दौरान केवल एक ही नामांकन पत्र दाखिल हुआ तथा 7 में से 4 वार्ड सदस्य ही चुनाव में शामिल हुए। नियमानुसार सविता गुप्ता को करसोग नगर पंचायत का नया अध्यक्ष चुना गया है।

नगर पंचायत के उपाध्यक्ष बंसी लाल ने बताया कि पूर्व अध्यक्ष सीमा गुप्ता के खिलाफ मजबूती से लाया गया अविश्वास प्रस्ताव पारित होने के बाद नई अध्यक्ष के तौर पर जुझारू एवं मेहनतकश वार्ड सदस्य सविता गुप्ता को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया है। नियमानुसार शपथ ग्रहण समारोह होने के बाद नगर पंचायत में चल रहे विकास कार्यों को रफ्तार दी जाएगी। नगर पंचायत की नई अध्यक्ष सविता गुप्ता ने बताया कि सभी वार्डों का समान विकास करवाना उनकी प्राथमिकता रहेगी तथा विकास कार्यो को समय रहते पूरा किया जाएगा। अध्यक्ष पद पर काबिज करने के लिए उन्होंने वार्ड सदस्यों का आभार प्रकट किया है। 

सविता गुप्ता कांग्रेस समर्थित हैं जबकि पूर्व अध्यक्ष भी भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल होने के  बाद ही अध्यक्ष बनी थीं लेकिन अध्यक्ष बनने के बाद सीमा गुप्ता ने दोबारा से कांग्रेस छोड़ भाजपा का दामन थाम लिया था। जिनके समर्थन से सीमा गुप्ता अध्यक्ष बनी थीं, उन वार्ड सदस्यों को यह नागवार गुजरा तथा उन्होंने अविश्वास प्रस्ताव के जरिए सीमा गुप्ता को अध्यक्ष पद से हटा दिया। ऐसे में कांग्रेस समर्थित सविता गुप्ता नगर पंचायत की नई अध्यक्ष बन गई हैं। करसोग से कांग्रेस प्रत्याशी रहे महेश राज ने सविता गुप्ता को बधाई दी है तथा नगर पंचायत के विकास मे अपना भरपूर सहयोग देने का आश्वासन दिया है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News