शिमला में ''संविधान बचाओ देश बचाओ'' रैली, बोले राठौर-सरकार कर रही संविधान को तोड़ने का काम

Saturday, Dec 28, 2019 - 01:33 PM (IST)

शिमला (योगराज) : कांग्रेस पार्टी ने अपने 134 में स्थापना दिवस के अवसर पर देशभर में संविधान बचाओ देश बचाओ रैली आयोजित की। शिमला में भी प्रदेश कांग्रेस ने रिज मैदान महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर कांग्रेस कार्यालय तक रैली निकाली और केंद्र सरकार पर हमला बोला। रैली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वीरभद्र सिंह, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर सहित कई विधायक और पदाधिकारी शामिल हुए। किसान इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार लगातार संवैधानिक संस्थाओं को तोड़ कर संविधान को नुकसान पहुंचा रही है। 

पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस देश की सबसे पुरानी पार्टी है। जिसके नेताओं ने देश की आज़ादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देकर आज़ादी हासिल की है।देश ने आज तक जो भी विकास किया है इसके पीछे कांग्रेस पार्टी के नेताओं का त्याग और बलिदान ही है।वंही पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने सरकार के जश्न को लेकर कहा कि वे सरकार के दो साल के कार्यकाल से खुश नहीं है।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा कि आज देश विकट परिस्थितियों के दौर से गुजर रहा है। नागरिकता संसोधन बिल को लाने की जरूरत नहीं थी। भाजपा देश को तोड़ने की कोशिश कर रही है देश की एकता और अखंडता को खतरा पैदा हो गया है। देश में मंहगाई आसमान छू रही है। उसकी चिंता न कर सरकार नागरिकता संसोधन जैसे बिल लाकर मूल समस्याओं से ध्यान भड़काने की कोशिश कर रही है।संविधान को तोड़ा जा रहा है कांग्रेस इसे सहन नहीं करेगी। इससे पहले कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने चौड़ा मैदान स्थित संविधान निर्माता भीम राव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देकर याद किया।

Edited By

Simpy Khanna