सत्ती ने साधा निशाना, कहा-प्रदेश सरकार के संरक्षण में माफिया ने मचाई लूट

punjabkesari.in Thursday, Oct 26, 2017 - 08:48 PM (IST)

ऊना: भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि तमाम प्रकार के सर्वे इस बात का संकेत हैं कि इस बार भाजपा 50 प्लस का मिशन आसानी से पूरा करेगी। पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि 5 वर्षों से प्रदेश में केवल माफिया ही फला-फूला है। चिट्टा, रेत, शराब, वन माफिया और भू-माफिया ने जमकर प्रदेश को लूटा है। प्रदेश सरकार के संरक्षण के नीचे इस माफिया ने खुलकर लूट मचाई है। सरकार बनने पर इस माफिया का पूरी तरह से अंत हो जाएगा। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सरकार में न तो महिलाओं और न ही नागरिकों को सुरक्षा मिल पाई है।

सरकार की गलत नीतियों से भरा मंत्रियों का खजाना
उन्होंने कहा कि सरकार की गलत नीतियों की वजह से प्रदेश के लोगों की हालत खराब हुई है परन्तु मंत्रियों का खजाना खूब भरा है। 5 वर्षों में जिस तरीके से प्रदेश में लूट मची थी, उससे माफिया को खूब लाभ हुआ है जबकि बेरोजगारों को न तो रोजगार और न ही उन्हें न्याय मिल पाया है। बेरोजगारों की संख्या बढ़ी है। उद्योगों का हिमाचल से पलायन हुआ है। सीमैंट के दामों में कमी के बड़े-बड़े दावे पूरी तरह से फेल हुए हैं बल्कि प्रदेश में सीमैंट और महंगा हुआ है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News