सत्ती बोले- सिद्धू बताएं क्या वह अब गोमांस खा रहे

Friday, May 17, 2019 - 09:40 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा है कि राहुल गांधी को पप्पू नाम देने वाले दल-बदलू कांग्रेसी नवजोत सिंह सिद्धू भाजपा के खिलाफ बोलने को गोमांस खाने के बराबर बताते थे। अब वह खुद स्पष्ट करें कि भाजपा पर झूठे आरोप लगाकर वह क्या गोमांस नहीं खा रहे। उन्होंने कहा कि टी.वी. चैनलों से पैसे खाकर तालियां बजवाने वाले अब जनता को बता रहे हैं कि वोट किसे देना है। सत्ती ने कहा कि झूठ के पैर नहीं होते और मोदी की लहर में कांग्रेस का झूठा प्रचार हवा में पत्ते की तरह उड़ जाएगा। 23 मई को वोटों की गिनती के बाद कांग्रेस के दफ्तरों में सन्नाटा छा जाएगा।

उन्होंने कहा कि देशभर के कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्त्ताओं का आत्मविश्वास डगमगा गया है। हिमाचल प्रदेश की चारों लोकसभा सीटें भाजपा के खाते में जाती देख कांग्रेस के नेता परेशान हैं। सत्ती ने कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू कांग्रेस पर1984 के सिख नरसंहार का कलंक लगा होने के बावजूद खुद को जन्मजात कांग्रेसी बताने में शर्म महसूस नहीं करते। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की उलटी गिनती की रफ्तार अमेठी से राहुल गांधी के पलायन कर केरल के हिन्दू अल्पसंख्यक चुनाव क्षेत्र वायनाड से चुनाव लड़ने से तेज हो गई है। भाजपा नेता का कहना है कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है, जिससे वह जयराम ठाकुर सरकार और मोदी सरकार को घेर सके।
 

Ekta