सत्ती ने साधा निशाना, बोले-नकारात्मक राजनीति करने में माहिर है कांग्रेस

Wednesday, Aug 08, 2018 - 06:16 PM (IST)

देहरा: प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा कि कांग्रेस पार्टी नकारात्मक राजनीति करने में माहिर है, जिसका जवाब भाजपा कार्यकर्ताओं को केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचा कर देना होगा। सत्ती देहरा में आयोजित भाजपा की जिला स्तरीय बैठक में उपस्थित भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार बनने के बाद करोड़ों लोग जनहित योजनाओं से किसी न किसी प्रकार से लाभान्वित हुए हैं लेकिन कांगे्रस के लोग नकारात्मक प्रचार कर लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे सभी को सचेत रहना है।

सर्जिकल स्ट्राइक पर प्रश्न उठाने पर घेरी कांग्रेस
उन्होंने कांगे्रस पार्टी द्वारा सर्जिकल स्ट्राइक पर प्रश्न उठाने पर कहा कि जो पार्टी सेना का सम्मान नहीं करती वह देश के आम नागरिकों का क्या सम्मान करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन नहीं बल्कि विचारधारा की लड़ाई लड़ रही है, जिसका परिणाम यह निकला है कि कभी मात्र 2 सीटों वाली पार्टी अब केंद्र सहित 21 अन्य राज्यों में सत्ता पर काबिज है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनावी मोड में दाखिल होने का आह्वïान करते हुए कहा कि इस बार भी भाजपा कार्यकर्ताओं के बल पर प्रदेश की सभी लोकसभा सीटों पर जीत का परचम फहराएगी।

ये रहे मौके पर मौजूद
इस अवसर पर पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास मंत्री वीरेंद्र कंवर, उद्योग मंत्री विक्रम ठाकुर, विधायक रमेश धवाला, हथकरघा बोर्ड के अध्यक्ष संजीव कटवाल, पूर्व मंत्री ठाकुर रविंद्र सिंह रवि, प्रदेश प्रवक्ता रणधीर शर्मा, जिला प्रभारी विजय पाल सोहारू, जिला अध्यक्ष नरेश चौहान सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी व कार्यकत्र्ता उपस्थित थे।

Vijay