सत्ती ने साधा निशाना, बोले-3 राज्यों में झूठ की बदौलत कांग्रेस को मिली सत्ता

Saturday, Dec 15, 2018 - 07:44 PM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस ने 3 राज्यों में झूठ बोलकर सत्ता को हासिल किया है। उन्होंने कहा कि राफेल मामले में सुप्रीम कोर्ट का निर्णय आने के बाद कांग्रेस पार्टी को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर रक्षा सौदों में भ्रम फैलाने और देश के दुश्मनों के हाथों खेलने का आरोप लगाया। सतपाल सत्ती ने यहां जारी बयान में आरोप लगाया कि सत्ता की भूख के लिए कांग्रेस पार्टी देश को धोखा देने से भी गुरेज नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि राफेल के जिस खाली ढांचे को पूर्व कांग्रेस सरकार 520 करोड़ रुपए में खरीदने के लिए तैयार थी, वर्तमान केंद्र सरकार ने उसको 480 करोड़ रुपए में खरीदा।

कांग्रेस ने की देश के दुश्मनों को फायदा पहुंचाने की कोशिश

उन्होंने आरोप लगाया कि जब अत्याधुनिक हथियारों की कीमत बढ़ी तो कांग्रेस ने उन हथियारों की कीमतों के बारे में प्रश्नचिन्ह खड़ा करके देश के दुश्मनों को फायदा पहुंचाने की कोशिश की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस के लिए देश हित की बजाय पार्टी हित सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट निर्णय के बाद अब कांग्रेस पार्टी में थोड़ी भी शर्म और नैतिकता बची है तो उसे तुरंत देश की जनता से बिना शर्त माफ ी मांगनी चाहिए।

Vijay