सत्ती बोले-भाजपा लोकसभा चुनाव पर 19-20 को बनाएगी रणनीति

Tuesday, Sep 11, 2018 - 11:07 PM (IST)

शिमला (विकास): हिमाचल प्रदेश भाजपा 19 और 20 सितम्बर को शिमला में आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर रणनीति तैयार करेगी। होटल पीटरहॉफ में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार, पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल, प्रदेश प्रभारी मंगल पांडेय के अलावा भाजपा सांसद व विधायक भी भाग लेंगे।

भाजपा पदाधिकारी, मोर्चों के अध्यक्ष व महामंत्री लेंगे भाग
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में बताया कि 19 सितम्बर को दोपहर 2 बजे भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक होगी। इसमें प्रदेश पदाधिकारी व मोर्चों के अध्यक्ष भाग लेंगे। इसके बाद सायं 6 बजे प्रदेश कार्यसमिति की बैठक प्रारंभ होगी जो 20 सितम्बर को सायं 5 बजे समाप्त होगी। बैठक में भाजपा प्रदेश पदाधिकारी एवं कार्यसमिति सदस्य, मोर्चों के अध्यक्ष एवं महामंत्री, प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक, राष्ट्रीय कार्यसमिति में प्रदेश से पदाधिकारी व सदस्य, विभिन्न मोर्चों से राष्ट्रीय कार्यसमिति में पदाधिकारी व सदस्य तथा भाजपा जिलाध्यक्ष व महामंत्री उपस्थित रहेंगे। इसी तरह कोर कमेटी की बैठक भी होगी। कोर कमेटी बैठक में मुख्य रूप से लोकसभा चुनाव से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।

बैठक कर कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारियां
उन्होंने आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर 19 और 20 सितम्बर को होने वाली बैठकों के मद्देनजर मंगलवार को बैठक की। बैठक में कार्यकर्ताओं को तैयारियों के दृष्टिगत जिम्मेदारियां सौंपी गईं। उनको निर्देश दिए गए कि आगामी 2 दिनों के अंदर सभी प्रमुख अपने-अपने विभाग की बैठकें करें तथा तैयारियों में जुट जाएं। प्रदेशाध्यक्ष के साथ हुई बैठक प्रदेश उपाध्यक्ष गणेश दत्त, रूपा शर्मा, प्रदेश कोषाध्यक्ष कपिल सूद, पूर्व सांसद बिमला कश्यप, मेयर कुसुम सदरेट, डिप्टी मेयर राकेश शर्मा, पुरुषोत्तम गुलेरिया, संजीव कटवाल, चमन लाल गुप्ता, एच.एन. कश्यप, शशि दत्त शर्मा सहित कई अन्य नेता व पार्टी कार्यकत्र्ता उपस्थित थे।

लोस चुनाव से पहले हो सकती है अध्यक्ष-उपाध्यक्षों की तैनाती
सत्ती ने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले निगम व बोर्ड में अध्यक्ष-उपाध्यक्षों की तैनाती हो सकती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय और संगठनात्मक स्तर पर इस बारे चर्चा हुई है और इसको लेकर अंतिम निर्णय लेना मुख्यमंत्री का अधिकार क्षेत्र है। डीजल व पैट्रोल की बढ़ती कीमतों को लेकर पूछे प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर तेल के दामों में वृद्धि होने के कारण ऐसा हुआ है। इसको लेकर केंद्र और प्रदेश सरकार गंभीर हैं। प्रदेश स्तर पर वैट घटाने को लेकर उन्होंने कहा कि सरकार ही इस बारे कोई निर्णय लेगी लेकिन अन्य राज्यों की अपेक्षा प्रदेश में डीजल व पैट्रोल के दाम कम हंै। उन्होंने कांग्रेस व विपक्षी दलों के बंद को फ्लॉप करार दिया। अमित शाह के दौरे को लेकर प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि कुछ राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं, इस कारण उनकी प्रदेश दौरे को लेकर कोई तिथि तय नहीं हुई है।

Vijay