सतपाल सत्ती बोले-BJP के विकास कार्यों से बौखलाए कांग्रेस व मुकेश अग्निहोत्री

Thursday, Dec 26, 2019 - 04:37 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने वीरवार को शिमला में प्रैस वार्ता करते हुए कहा कि जब से हिमाचल प्रदेश में जयराम सरकार का गठन हुआ है और जिस तरह सरकार ने धरातल पर कार्य किया है उससे कांग्रेस के नेता और विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री बौखला गए हैं, जिसके कारण वे इस प्रकार की बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो भाजपा सरकार ने पिछले 2 वर्षों में किया है वह कांग्रेस अपने 10 साल के कार्यकाल में भी नहीं कर पाई। जितने भी आरोप नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस लगा रही है वे निराधार हैं और केवल सुर्खियों में बने रहने के लिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में विकास और राजनीति की नई परंपरा की शुरूआत हुई है।

कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष ने किया फंड का दुरुपयोग

उन्होंने बताया कि सूत्रों के अनुसार पता चला है की कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष ने मध्यप्रदेश में किस प्रकार चुनाव में आए फंड का दुरुपयोग किया है, इसका खुलासा जल्द होने वाला है। उन्होंने कहा कि यही कारण है जिसकी वजह से कांग्रेस पार्टी की दिल्ली में बार-बार पेशियां लग रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के संगठन की सभी कार्यकारिणियां इस कारण भंग हुई थीं क्योंकि इन्होंने प्रदेश में राजनीतिक वातावरण बिगड़ा था। यही एक बड़ा कारण है जिसकी वजह से कांग्रेस पार्टी नेताहीन और नीतिहीन हो चुकी है।

अपने कार्यकाल में कितना निवेश लाए नेता प्रतिपक्ष

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में इन्वैस्टर्स को अनुकूल वातावरण दिया जा रहा है जिसके कारण कल 10,000 करोड़ का निवेश धरातल पर उतर आएगा। उन्होंने कहा कि मुकेश अग्निहोत्री बताएं कि जब वह उद्योग मंत्री थे तो अपने 5 साल के कार्यकाल में वह कितना निवेश हिमाचल प्रदेश में लाएं और यह भी बताएं कि क्या कोई एक इंडस्ट्री या प्रोजैक्ट हिमाचल प्रदेश में आया या उनकी खुद की विधानसभा क्षेत्र में ऐसा कोई निवेश हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के कार्यकाल में खुला भ्रष्टाचार हो रहा था। जितने की इंडस्ट्री भी नहीं थी उससे ज्यादा पैसे मांगे जा रहे थे। उन्होंने कहा कि आज हिमाचल प्रदेश में जयराम सरकार है और सच में यह आम आदमी की सरकार है।

झूठ के बल पर ही विपक्ष के नेता बने मुकेश अग्निहोत्री 

उन्होंने कांग्रेस पार्टी और बीजेपी की तुलना करते हुए कहा कि बीजेपी की एक स्कीम कांग्रेस के 5 साल के कार्यकाल को खुली चुनौती देती है। भाजपा की एक स्कीम सारी जनता को फायदा पहुंचाती जाती है और कांग्रेस का 5 साल का कार्यकाल नहीं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में अगर कोई झूठ का बलवान है तो वह मुकेश अग्निहोत्री हैं। मुकेश अग्निहोत्री झूठ के बल पर ही विपक्ष के नेता बने हैं। विपक्ष का नेता बनने के लिए 23 विधायकों की आवश्यकता होती है लेकिन वह 21 पर ही बन गए और यह केवल मुख्यमंत्री की मेहरबानी है।

नशाखोरी के व्यापार में 90 प्रतिशत लोग कांग्रेस के

उन्होंने कहा कि मैंने कहा कांग्रेस पार्टी के धंधे बंद हो रहे हैं, जिसके कारण वह बौखला उठे हैं। कांग्रेस पार्टी को ऐसा लगता है कि दुनिया कांग्रेस में बस आई है। अगर सोनिया गांधी न होंती तो शायद हवा न होती कांग्रेस पार्टी न होती और न ही वनस्पति न होती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के कार्यकाल में भी देश में विकास हुआ है अपितु भाजपा के कार्यकाल में बहुत ज्यादा विकास हुआ है। उन्होंने मुकेश अग्निहोत्री द्वारा क्राइम रेट बढऩे की बात पर दावा करते हुए कहा कि जितना भी नशाखोरी का व्यापार हिमाचल प्रदेश में हो रहा है, उसमें 90 प्रतिशत लोग कांग्रेस पार्टी के सदस्य हैं।

Vijay