सतपाल सत्ती बोले-CAB की वास्तविकता से जनता को अवगत करवाएगी BJP

Sunday, Dec 15, 2019 - 10:49 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): प्रदेश में भाजपा नागरिकता संशोधन बिल-2019 की वास्तविकता से जनता को अवगत करवाने के लिए बुद्धिजीवी सम्मेलन करेगी। केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार सभी जिलों में 31 दिसम्बर से पहले बुद्धिजीवी सम्मेलन किए जाएंगे। इन सम्मेलनों में पार्टी के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे। रविवार को पार्टी कार्यालय में हुई विशेष बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि इस बिल की वास्तविक जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए सभी जिलों में 31 दिसम्बर से पहले बुद्धिजीवी सम्मेलन किए जाएंगे। इसी कड़ी में शिमला के ऐतिहासिक गेयटी थियेटर में 18 दिसम्बर को बुद्धिजीवी सम्मेलन होगा। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव मुरलीधर राव और राष्ट्रीय सचिव सुनील देवधर मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे जबकि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बतौर मुख्य अतिथि सम्मेलन में शिरकत करेंगे।

सत्ती ने कहा कि इस बिल के माध्यम से पाकिस्तान, बंगलादेश और अफ गानिस्तान से आए हुए हिंदू, सिख, बौद्ध, जैन, पारसी एवं ईसाई समुदाय के लोगों के लिए भारतीय नागरिकता प्राप्त करने का रास्ता साफ  हो गया है, जो धार्मिक प्रताडऩा और उत्पीडऩ से तंग आकर अपनी इज्जत बचाने तथा सम्मानपूर्वक जीवन-यापन करने के लिए भारत की तरफ आशा भरी निगाहों से देख रहे थे।  उन्होंने कहा कि गैर-मुस्लिम शरणार्थियों के लिए यह नागरिकता संशोधन बिल उनके जीवन में एक नया सवेरा लेकर आया है और सभी लोग इस बिल के पारित होने से उत्सव मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी केवल विरोध करने के लिए इस बिल का विरोध कर रही है, जोकि अनुचित है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी तुष्टिकरण की नीति पर चलती है, जिसके कारण आज कोई भी व्यक्ति कांग्रेस के साथ नहीं जुडऩा चाहता है।

सत्ती ने पत्रकारों द्वारा पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा कि कांग्रेस के नेता भी उन मुद्दों को उठाते हैं, जो पाकिस्तान के नेता उठाते हैं। इस कारण कांग्रेस के साथ आज कोई भी चलना नहीं चाहता है। कांग्रेस की यह स्थिति गलत बयानबाजी के कारण हुई है।  उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कभी सावरकर तो कभी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर अभद्र टिप्पणियां करते हैं। यही कारण है कि आज कांग्रेस पतन की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि विधेयक को लेकर कांग्रेस पार्टी द्वारा लोगों के बीच फैलाई जा रही भ्रांतियों को दूर करने तथा इस विधेयक की वास्तविकता जनता तक पहुंचाने के लिए पार्टी ने जिला स्तर पर बुद्धिजीवी सम्मेलन करने का निर्णय लिया है।

Vijay