सत्ती बोले-कांग्रेसियों की जेब में नहीं अब योजनाओं पर लगेगा केंद्र का पैसा

Wednesday, Jul 10, 2019 - 09:49 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): बुधवार को लोअर अरनियाला में भाजपा सदस्यता अभियान के तहत बैठक का आयोजन हुआ। इस बैठक में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने विशेष तौर पर शिरकत की जबकि अन्य भाजपा नेता भी इस दौरान मौजूद रहे। इस मौके पर सत्ती ने कहा कि हिमाचल में हो रहे विकास से कांग्रेसी नेताओं को परेशानी हो रही है और इसी के चलते वे तिलमिला रहे हैं। प्रदेश में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में नए संकल्प व दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ नई योजनाएं शुरू की गई हैं। इन योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंच रहा है। केंद्र से सहायता भी प्रदेश को मिल रही है। केंद्रीय योजनाएं तेज गति से आगे बढ़ रही हंै और कांग्रेस पार्टी के नेता पूछ रहे हैं कि केंद्र से कितना पैसा आया?

राष्ट्रीय राजमार्ग, स्वास्थ्य व पर्यटन के क्षेत्र में हो रहे अनेक काम

उन्होंने कहा कि यह पैसा केंद्रीय योजनाओं का जनता के विकास कार्यों पर लगेगा जो दिखेगा लेकिन अब कांग्रेस की जेब में पैसा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग, स्वास्थ्य व पर्यटन के क्षेत्र में अनेक ऐसे काम हो रहे हैं, जिससे लगातार प्रदेश विकास की ओर बढ़ रहा है। हिमाचल प्रदेश में औद्योगिक निवेश के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में भी निवेश हो और युवाओं को रोजगार मिले, इसके लिए प्रदेश सरकार द्वारा गंभीर प्रयास किए जा रहे हंै। मुख्यमंत्री स्वयं उद्योगपतियों व निवेशकों से मुलाकात कर उन्हें हिमाचल प्रदेश में आमंत्रित कर रहे हैं।

भाजपा की जनहितैषी नीतियों बारे कांग्रेस से पूछ रहे कार्यकर्ता

उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस को परेशानी यह है कि जिस प्रकार का विकास भाजपा की सरकार में हो रहा है, वह कांग्रेस की सरकार में क्यों नहीं हो पाया? उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता भी कांग्रेस से पूछ रहे हैं कि भाजपा सरकार की जनहितैषी नीतियों जैसी नीतियां कांग्रेस क्यों लागू नहीं कर पाई। उन्होंने कहा कि ऐसे में अब लोकसभा चुनावों ने दिखा दिया है कि किस प्रकार से कांग्रेस का वोट बैंक कांग्रेस से दूर हो रहा है।

ऊना सदर के दौरे पर जल्द आएंगी मुख्यमंत्री

उन्होनें कहा कि जल्द ही ऊना सदर में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का दौरा होगा और नए विकास कार्यों को गति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कार्यकत्र्ता सदस्यता अभियान को गंभीरता से लें और समय पर इस अभियान को खत्म करें। उन्होंने कहा कि डिजिटल व फार्म दोनों तरीकों से सदस्यता की जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर फार्म पहुंचाए जा रहे हैं तथा लोगों के पास जाकर नए सदस्य जरूर बनाएं।

Vijay