सत्ती के फिर बिगड़े बोल, खुले मंच से कांग्रेस को लेकर दे डाला ये विवादित बयान (Video)

Thursday, Jun 06, 2019 - 11:22 AM (IST)

मंडी (नीरज): लोकसभा चुनावों में अपने विवादित बयानों के कारण सुर्खियां बटोरने वाले भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती अभी भी विवादित बातें कहने से परहेज नहीं कर रहे हैं। भाजपा की आभार रैली में सतपाल सत्ती ने फिर से विवादित बोल बोलकर सुर्खियां बटोर लीं। उन्होंने कांग्रेस पार्टी की तुलना चुड़ैल से कर डाली। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों में बहुत से कांग्रेसियों ने भी भाजपा को वोट दिया है लेकिन कुछ ऐसे लोग हैं जिन्हें कांग्रेस चुड़ैल की तरह चिपक गई है और छूटने का नाम नहीं ले रही। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों का जहां मर्जी ईलाज करवा लो लेकिन कोई लाभ नहीं मिलने वाला। उन्होंने कांग्रेसियों को चांडाल चौकड़ी भी कहा। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास के दम पर जीती है और कांग्रेस की चांडाल चौकड़ी ऐसे ही जीतने के बारे में सोच रही थी।

राहुल गांधी पर साधा निशाना

उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि माई के लाल ने सिर्फ 8 सीटें बढ़ाई और पीठ ऐसे थपथपाई जा रही है जैसे सरकार बना ली हो। उन्होंने कहा कि आज किसी कांग्रेसी में गांधी परिवार के खिलाफ बोलने की हिम्मत नहीं और सभी कांग्रेसी गांधी परिवार के गुलाम हो गए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस परिवारवाद पर चलती है और राजनीति को बाप की जागीर समझती है। शिमला सीट को भी कांग्रेस ऐसे समझती थी जैसे बाप-दादा ने रजिस्ट्री करवा दी हो।

केजरीवाल और सुखराम पर कसे तंज

उन्होंने दिल्ली के सी.एम. अरविंद केजरीवाल और पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित सुखराम पर भी जमकर तंज कसे। उन्होंने अरविंद केजरीवाल को बेईमान और ड्रामेबाज बताया। उन्होंने कहा कि मोदी और शाह का बस चले तो 2 दिन में केजरीवाल को घर बैठा दें। वहीं उन्होंने पंडित सुखराम को मंडी के सेरी मंच पर हवन यज्ञ करवाने की सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि अपने बूथ पर पिछडऩे के बाद भी इस परिवार को समझ आ जानी चाहिए। अच्छा होगा कि वीरभद्र के पास रोने के बजाय हवन यज्ञ करवाकर मंडी की जनता को भोजन करवाते और उनके पास आकर रोते।

Vijay