दो बस हादसों में 13 यात्री घायल

Monday, Aug 29, 2022 - 09:00 PM (IST)

सरकाघाट/टकोली (मंडी) (महाजन/ब्यूरो): उपमंडल सरकाघाट के खलयाणा के पास तलाई मोड़ पर निजी बस के पलटने से 13 यात्री घायल हो गए हैं। इस हादसे में गंभीर रूप से 2 घायल महिलाओं को मैडीकल कालेज नेरचौक में भर्ती किया गया है। जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर बलद्वाड़ा से सुंदरनगर के लिए निकली बस जब खलयाणा के तलाई मोड़ पर पहुंची तो मोड़ पर चालक बस को नियंत्रण में नहीं रख सका और बस करीब 10 फुट नीचे खेत में पलट गई। बस में चालक सहित 15 लोग सवार थे, लेकिन 13 यात्रियों को चोटें आईं हैं। उनमें से 2 घायलों बनीता देवी पत्नी सतीश कुमार गांव खलयाणा और पार्वती देवी पत्नी शक्ति चंद गांव रेहड़ी को मैडीकल कालेज नेरचौक और शेष 11 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बलद्वाड़ा में उपचार के लिए भर्ती किया गया है।

इसके अलावा घायलों में चालक अश्वनी कुमार, पूजा पत्नी संतोष कुमार, मंजू पत्नी श्याम लाल, निर्मला पत्नी प्रताप सिंह, दीक्षा देवी पत्नी राजकुमार, शकुंतला देवी, दिलवर सिंह पुत्र मुंशीराम, गुरदेई पत्नी मेहर चंद, रीता देवी पत्नी हंसराज, रीतिका पुत्री हेमराज और सुनीता देवी पत्नी संसार चंद शामिल हैं। डी.एस.पी. लोकेंद्र नेगी ने बताया कि चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

नगवाईं में कार को बचाते पंजाब रोडवेज की बस दुर्घटनाग्रस्त
उधर, मनाली से चंडीगढ़ जा रही पंजाब रोडवेज की बस सोमवार सुबह नगवाईं फोरलेन में फ्लाई ओवर के पास अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा सुबह लगभग 11 बजे नगवाईं में बने फोरलेन पर फ्लाई ओवर के पास हुआ जब फ्लाई ओवर के पास बस पहुंची तो एक कार वाला गलत दिशा में आ रहा था जिसको बचाने के चलते बस फोरलेन में सड़क से नीचे की ओर लुढ़क गई। इसमें सवार सभी यात्री सुरक्षित बच गए तथा किसी भी जान माल की क्षति नहीं हुई। हालांकि बस में बैठे सभी यात्रियों को बाद में दूसरी बस से भेज दिया गया था।

Content Writer

Kuldeep