Una News: जहरीले सांप ने ली 37 वर्षीय युवक की जान! परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
punjabkesari.in Wednesday, Aug 12, 2026 - 04:18 PM (IST)
अम्ब (अश्विनी): ऊना जिले के विकास खंड अम्ब के तहत आने वाली ग्राम पंचायत ज्वार में कथित तौर पर एक जहरीले सांप के डसने से 37 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान दलेर सिंह (37) पुत्र तिलक राज, निवासी लंगियाणा (वार्ड नंबर-7) के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार और पूरे गांव में शोक की लहर है।
किचन गार्डन में काम करते वक्त बिगड़ी तबीयत
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम दलेर सिंह अपने घर के पास स्थित किचन गार्डन में काम कर रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान उसे किसी जहरीले सांप ने डस लिया। घटना के कुछ देर बाद ही दलेर सिंह की तबीयत अचानक तेजी से बिगड़ने लगी और उसे लगातार उल्टियां होने लगीं। इससे पहले कि परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा पाते, उसने घर पर ही दम तोड़ दिया।
परिवार का एकमात्र सहारा था दलेर
ग्रामीणों के अनुसार, दलेर सिंह अविवाहित था और मेहनत-मजदूरी करके अपने गरीब परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी इस तरह अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और उनके सामने रोजी-रोटी का संकट भी खड़ा हो गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण : डीएसपी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। डीएसपी अम्ब, अनिल पटियाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर गहन जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। डीएसपी ने स्पष्ट किया कि युवक की मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तरह से साफ हो पाएगा।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

