अटल जी की सोच से ही सड़क से जुड़ पाए ग्रामीण क्षेत्र : जयराम

Friday, Dec 25, 2020 - 06:25 PM (IST)

शिमला (कुलदीप) : मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सोच के कारण देश के ग्रामीण क्षेत्र सड़क मार्ग से जुड़ पाए। उन्होंने कहा कि यदि वाजपेयी की तरफ से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की शुरुआत नहीं की गई होती तो आज हिमाचल प्रदेश के अधिकतर ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क नहीं पहुंची होती। मुख्यमंत्री यहां सुशासन दिवस के अवसर पर भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग की तरफ से गेयटी थियेटर में आयोजित अटल स्मृति समारोह को संबोधित कर रहे थे। 

रिज मैदान पर 18 फुट ऊंची प्रतिमा का अनावरण 

मुख्यमंत्री ने इससे पूर्व शिमला के रिज मैदान पर 1.08 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित 18 फुट ऊंची अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया। उनकी 96वीं जयंती को प्रदेश भर में सत्ता एवं संगठन की तरफ से सुशासन दिवस के रुप में मनाई गई तथा अनेक स्थानों पर रक्तदान शिविर और काव्य गोष्ठी सहित अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जयराम ठाकुर ने किसानों की तरफ से किए जा रहे आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत देश के करीब 9 करोड़ किसान परिवारों के बैंक खातों में 18,000 करोड़ रुपए डाले हैं, वह किसान विरोधी नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की समस्याओं के निवारण के लिए तैयार है। 

अटल जी का विरोधी दल भी करते थे सम्मान 

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को अपने श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि वह कुशल राजनीतिज्ञ, महान व्यक्तित्व और सिद्धांतवादी नेता थे, जिनका विरोधी दल भी सम्मान करते थे। उन्होंने कहा कि वाजपेयी की तरफ से स्थापित आदर्शों एवं योगदान को देश हमेशा याद रखेगा। वह हिमाचल प्रदेश को अपना दूसरा घर मानते थे। उन्होंने इस अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा की तरफ से आयोजित रक्तदान शिविर का भी शुभारंभ किया तथा लोगों को क्रिसमस की बधाई दी। शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर और निदेशक भाषा एवं संस्कृति सुनील शर्मा ने इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त किए। शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज, तकनीकी शिक्षा मंत्री डा. राम लाल मारकंडा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप, महापौर शिमला नगर निगम सत्या कौंडल, कई विधायक एवं भाजपा पदाधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे। 

काव्यपाठ के माध्यम से वाजपेयी को किया याद

गेयटी थियेटर में इस अवसर पर आयोजित काव्यपाठ के माध्यम से पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद किया गया। डॉ. ओपी शर्मा, डॉ. इंद्र सिंह ठाकुर डॉ. प्रियंका वैद्य, हितेंदर शर्मा, डॉ. अंजु पुरी और साक्षी शर्मा ने इस मौके पर अपनी कविताओं का व्याख्यान किया। 

भाजपा कार्यालय में भी कार्यक्रम आयोजित 

प्रदेश भाजपा कार्यालय में भी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने बताया कि सुशासन दिवस के अवसर पर 7,792 बूथों पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना एवं प्रदेश प्रवक्ता राम कुमार ने इस दौरान हरोली विधानसभा क्षेत्र के 1 बूथ पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया।  उन्होंने कहा कि सरकार के 3 साल पर वर्चुटल कार्यक्रम का आयोजन 27 दिसम्बर को किया जाएगा, जिसे केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा संबोधित करेंगे।
 

prashant sharma