काजा की 840 महिलाओं को 1500 रुपए की सम्मान राशि जारी

Friday, Jun 09, 2023 - 07:03 PM (IST)

शिमला (प्रीति): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह के निर्देशानुसार अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक मामले एवं विशेष रूप से सक्षम का सशक्तिकरण विभाग ने लाहौल-स्पीति जिले के काजा की लगभग 840 महिलाओं को 1500 रुपए की सम्मान राशि जारी कर दी है। विभाग ने संबंधित तहसील वैल्फेयर ऑफिस को 4 महीने का बजट जारी कर दिया है, ऐसे में अब महिलाओं के खाते में एक साथ 4 महीने की सम्मान निधि डाल दी जाएगी। यानी एक महिला को 6000 रुपए दिए जाएंगे। विभाग ने संबंधित कार्यालय को 50 लाख रुपए से अधिक का बजट जारी किया है। बताया जा रहा है कि शिमला निदेशालय से कर्मचारी एवं अधिकारी स्वयं काजा गए और महिलाओं के घर जाकर उनके फार्म भरे गए। उसके बाद अब महिलाओं को 4 महीने की सम्मान राशि जारी कर दी गई है। हालांकि शेष जिलों के लिए अभी सरकार की ओर से निर्देश नहीं दिए गए हैं। सरकार के निर्देशों के बाद विभाग जिलों से पात्र महिलाओं के आवेदन मांगेगा। उसके बाद महिलाओं को यह राशि जारी कर दी जाएगी। सूत्रों की मानें तो जुलाई माह में शेष जिलों के लिए यह योजना शुरू की जा सकती है। 

महिलाओं के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी राशि
सरकार ने इस योजना को इंदिरा गांधी महिला सम्मान निधि-2023 का नाम दिया है। योजना के अंतर्गत राज्य की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए सरकार द्वारा उन्हें प्रतिमाह आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। यह आर्थिक सहायता उन्हें प्रतिमाह उनके बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से भेज दी जाएगी। इस योजना के तहत आवेदन करने के लिए महिला की आयु 18 से 60 वर्ष होनी चाहिए। पहले चरण में 2.31 लाख महिलाओं को यह सम्मान निधि दी जाएगी। विभाग के निदेशक प्रदीप ठाकुर ने कहा है कि स्पीति घाटी की काजा की महिलाओं को यह सम्मान राशि जारी कर दी गई है।  

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay