Himachal: देवभूमि के देवत्व और वीरता को खत्म करना चाहते हैं नशे के सौदागर : राज्यपाल
punjabkesari.in Tuesday, Jun 17, 2025 - 11:01 PM (IST)

रोहड़ू (कुठियाला): नशे के खिलाफ अपने अभियान को दूरदराज के गांवों तक पहुंचाने के लिए राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने शिमला जिला के अति दुर्गम क्षेत्र डोडराक्वार का दौरा किया। राज्यपाल सड़क मार्ग से लोगों से भेंट करते हुए डोडराक्वार पहुंचे। पहली बार किसी राज्यपाल को इतनी सहजता से अपने बीच पाकर स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। डोडराक्वार में राज्यपाल के सम्मान में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया, पैदल चलकर उन्होंने लोगों का पारम्परिक अभिवादन स्वीकार किया। उन्होंने स्थानीय स्तर पर तैयार मोटा अनाज को ही खाया और इसके लिए बाजार उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर लेडी गवर्नर जानकी शुक्ल भी उनके साथ उपस्थित थीं।
तेज बारिश के बीच क्वार के जल शक्ति विभाग के गैस्ट हाउस में दूरदराज के क्षेत्रों से आए लोगों के साथ राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने संवाद करते हुए कहा कि नशे के सौदागर गांव के भोले-भाले लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। पारम्परिक नशे की जगह अब सिंथैटिक नशा उपलब्ध करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल को देवभूमि और वीरभूमि कहा जाता है। नशे के ये सौदागर देवभूमि के देवत्व और वीरता को खत्म करना चाहते हैं। इसीलिए वह हिमाचल के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर लोगों को जागरूक कर रहे हैं।
उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि स्थानीय विधायक मोहन लाल ब्राक्टा ने पूरे विधानसभा क्षेत्र में नशे के खिलाफ कार्यक्रम आयोजित करने का आश्वासन दिया है। इस अवसर पर राज्यपाल ने स्थानीय स्कूल के विद्यार्थियों की नशे के खिलाफ रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। स्थानीय विधायक मोहन लाल ब्राक्टा ने कहा कि वह राज्यपाल के संकल्प के साथ हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा पहली बार हुआ जब इतने दुर्गम क्षेत्र में भी राज्यपाल नशे के खिलाफ संदेश देने यहां आए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह उनके इस अभियान को आगे बढ़ाएंगे। इस मौके पर राज्यपाल के सचिव सी.पी. वर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त अभिषेक वर्मा, उपमंडलाधिकारी रोहड़ू धर्मेश रमोत्रा, स्थानीय पंचायतों के प्रधान, खंड विकास समिति के सदस्य, महिला मंडल और अन्य गण्यमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।