कोटली के रोहित चौहान ने भरी सफलता की उड़ान, सेना में हासिल किया ये स्थान

Sunday, Dec 04, 2022 - 07:34 PM (IST)

कोटली (ब्यूरो): मंडी जिला के तहत पंचायत कोटली के घरवाण गांव के रोहित चौहान भारतीय सेना में लैफ्टिनैंट बने हैं। राष्ट्रीय रक्षा अकादमी देहरादून से 1 वर्ष का प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद उन्हें 10 दिसम्बर को होने वाली पासिंग आऊट परेड के दौरान लैफ्टिनैंट के तौर पर नियुक्ति दी जाएगी। रोहित चौहान मैकेनाइज्ड इन्फ्रा रैजीमैंट में सेवाएं देंगे। उनके पिता नवल किशोर तथा माता अंजू चौहान राष्ट्रीय रक्षा अकादमी देहरादून में होने वाली पासिंग आऊट परेड में जाने की तैयारियों में जुट गए हैं जबकि क्षेत्रवासी 12 दिसम्बर को कोटली आने पर रोहित चौहान का स्वागत करेंगे। कोटली बस स्टैंड पर आयोजित स्वागत समारोह के बाद घरवाण में उनके घर पर प्रीतिभोज का आयोजन भी होगा, जिसे प्रमोशन सैरेमनी का नाम दिया गया है। 

14 व 15 दिसम्बर को वैवाहिक बंधन में बंधेंगे रोहित
इसके अलावा 14 एवं 15 दिसम्बर को लैफ्टिनैंट रोहित चौहान चलहर निवासी चिंता देवी एवं लेखराज की पुत्री स्नेहा के साथ वैवाहिक बंधन में बंधने जा रहे हैं। रोहित चौहान कई वर्षों तक पंचायत प्रधान रह चुके स्व. गोविंद राम के पोते हैं। रोहित की स्कूली शिक्षा केंद्रीय विद्यालय से हुई। उनके संघर्ष की कहानी 2012 में शुरू हुई थी जब वह सिपाही के तौर पर भारतीय सेना में भर्ती हुए और उसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। सेवा चयन बोर्ड के माध्यम से सन् 2018 में उनका सिलैक्शन आर्मी कैडेट काॅलेज के लिए हुआ था, जिसके बाद उन्होंने देहरादून में प्रशिक्षण हासिल कर यह उपाधि पाई। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता तथा गुरुजनों को दिया है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
  

Content Writer

Vijay