गश्‍त कर रहे हाेमगार्ड जवानों पर बदमाशों ने चलाई गोलियां, पुलिस ने तीन को पकड़ा, एक फरार

punjabkesari.in Thursday, Dec 12, 2019 - 10:31 AM (IST)

कुल्लू (दिलीप) : पर्यटन नगरी मनाली में बुधवार देर रात को गश्त कर रहे दो होमगार्ड के जवानों पर चार लोगों ने हमला कर दिया। चारों ने अचानक गोलियां बरसाना शुरू कर दीं, जिसमें एक होमगार्ड जवान घायल हो गया। मामले में तीन आरोपिओं को गिरफ्तार किया गया है, जबकि गोली चलाने वाला फरार है। पुलिस को दिए बयान में होमगार्ड तिखु राम ने कहा वह सहयोगी नरेश कुमार के साथ गश्त पर था। मॉडल टाउन मनाली में ड्यूटी दे रहे थे। रात करीब 1.30 बजे के करीब सड़क पर घूम रहे चार लोगों को पूछने पर कि वह इतनी रात को क्‍या कर रहे हैं, तो इतने में वह होमगार्ड जवानों से उलझ पड़े। उन्‍होंने डंडे से मारपीट शुरू कर दी व एक शख्‍स ने नरेश पर गोली चला दी व मौके से फरार हो गया।

पुलिस को इस घटना की जानकारी मिलते ही आरोपिओं की तलाश शुरू कर दी। घायल होमगार्ड के जवान को मिशन अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस ने चार में से तीन को पकड़ लिया है। आरोपितों की पहचान संदीप गांव समाहण डाकघर मनाली, आकाश ज्वाला नगर चौक शहादरा दिल्ली और कर्ण पुत्र अजय कुमार निवासी मुहल्ला बजरी कंपनी पठानकोट का रहने वाला है। गोली चलाने वाला मुख्य आरोपित देहरादून का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस उसकी भी तलाश कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Simpy Khanna

Recommended News

Related News