Traffic Alert: 31 जुलाई तक बंद रहेगी बारा कोठा अंखन खोला-सुधेड़ सड़क,  जानें वैकल्पिक रूट

punjabkesari.in Friday, Jul 10, 2026 - 10:40 PM (IST)

धर्मशाला (‌ब्यूरो): कांगड़ा जिला प्रशासन ने धर्मशाला के स्थानीय लोगों और वाहन चालकों के लिए एक जरूरी ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। बारा कोठा अंखन खोला-सुधेड़ सड़क पर स्लैब कलवर्ट (पुलिया) के निर्माण कार्य के चलते इस अहम मार्ग को 10 जुलाई से 31 जुलाई तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। जिला दंडाधिकारी कांगड़ा हेमराज बैरवा ने आम जनमानस की सुरक्षा के दृष्टिगत यह आधिकारिक आदेश जारी किए हैं।

इस वैकल्पिक मार्ग का करें इस्तेमाल
इस मार्ग के 22 दिनों तक बंद रहने के कारण लोगों को आवाजाही में परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन ने वैकल्पिक रूट की व्यवस्था की है। डीएम के आदेशानुसार 10 से 31 जुलाई की अवधि के दौरान सभी वाहन चालक एनएच-503 (धर्मशाला बाईपास रोड) के वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल कर अपने गंतव्य तक पहुंच सकते हैं।

इमरजैंसी वाहनों को मिलेगी छूट, ठेकेदार को दिए कड़े निर्देश
जिला प्रशासन ने निर्माण कार्य में जुटी एजैंसी (ठेकेदार) को सख्त निर्देश दिए हैं कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। एजेंसी को कार्यस्थल के दोनों ओर पर्याप्त बैरिकेडिंग करने और चेतावनी संकेतक ( लगाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि रात के समय या बारिश में कोई हादसा न हो। इसके साथ ही प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि सड़क बंद होने के बावजूद एंबुलैंस, अग्निशमन और अन्य आवश्यक आपातकालीन सेवाओं के वाहनों की आवाजाही बिना किसी रुकावट के सुनिश्चित की जानी चाहिए।

आम जनता और वाहन चालकों से सहयोग की अपील
जिला प्रशासन ने आम जनता और वाहन चालकों से अपील की है कि वे इस निर्माण कार्य में सहयोग करें। प्रशासन ने कहा है कि लोग निर्धारित अवधि के दौरान केवल वैकल्पिक मार्ग (धर्मशाला बाईपास रोड) का ही उपयोग करें और यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करें। इससे न केवल दुर्घटनाओं से बचा जा सकेगा, बल्कि निर्माण कार्य भी तय समय सीमा के भीतर सुरक्षित रूप से पूरा किया जा सकेगा।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News