अब 11वीं व 12वीं कक्षाओं के पाठ्यक्रम में भी जुड़ेगा सड़क सुरक्षा का पाठ

Sunday, Dec 03, 2023 - 07:12 PM (IST)

शिमला (राजेश): हिमाचल के सरकारी स्कूलों में अब 11वीं व 12वीं कक्षाओं में बच्चों को सड़क सुरक्षा का पाठ पढ़ाया जाएगा। परिवहन विभाग शिक्षा विभाग की मदद से यह पाठ्यक्रम 11वीं व 12वीं कक्षाओं के लिए शुरू करेगा। मौजूदा समय में छठी से 12वीं तक के बच्चों को पहले ही सड़क सुरक्षा का पाठ पढ़ाया जा रहा है। शैक्षणिक सत्र 2024-25 से इसका दायरा बढ़ाया जाएगा। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि 12वीं पास करने के बाद बच्चा 18 साल का हो जाता है और वह गाड़ी चलाने के लिए लाइसैंस बनाने के लिए भी आवेदन करता है। इसलिए उसके लिए यह जरूरी है कि सड़क सुरक्षा व यातायात नियमों की जानकारी उसे हो। इसलिए यह पहल की जा रही है। अभी तक कक्षा छठी से 12वीं तक बेसिक चीजों की जानकारी दी जाती है। कक्षा 11वीं व 12वीं में यातायात नियम व सड़क पर गाड़ी चलाते वक्त किन बातों का ध्यान रखना चाहिए, इस बारे पढ़ाया जाएगा।

2016 से लेकर अब तक सड़क दुर्घटनाओं में हो चुकी 8370 लोगों की मौत
परिवहन विभाग ने वर्ष 2016 से लेकर अब तक प्रदेश में हुए सड़क हादसों, घायलों और इन हादसों में हुईं मौतों के आंकड़ों का आकलन किया है। जिसमें विभाग ने पाया है कि वर्ष 2016 से लेकर 31 नवम्बर 2023 तक 20,904 सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं। वहीं इन दुर्घटनाओं में 34,754 की मौत हो चुकी है । इसके अतिरिक्त इस वर्ष यानी 2023 में जनवरी से लेकर अब तक 1,399 सड़क दुर्घटनाओं में 564 लोगों की मौत हो चुकी है।

क्या कहते हैं परिवहन विभाग के निदेशक
परिवहन विभाग के निदेशक अनुपम कश्यप ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर विभाग लगातार कार्य कर रहा है। इसी कड़ी में अब कक्षा 11वीं व 12वीं में भी सड़क सुरक्षा का पाठ शामिल किया जाएगा। इसको लेकर प्रक्रिया चली है। शिक्षा विभाग की मदद से इसे शुरू किया जाएगा। जल्द ही पाठ्यक्रम तैयार किया जाएगा। 
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay