बारात में जा रहे लोगों के साथ दर्दनाक हादसा, खाई में गिरी कार-1 की मौत

Thursday, Jul 11, 2019 - 02:37 PM (IST)

करसोग (धर्मवीर गौतम) : मंडी जिले के करसोग में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ऐसी ही एक ताजी घटना जिला शिमला से बारात के साथ शामिल हुए 4 लोगों के साथ घटी। जहा एक कार 100 फीट गहरी खाई में जा गिरी। जानकारी के मुताबिक वीरवार को जिला शिमला से चार लोग बारात के साथ गनो गांव जा रहे थे। यहां सैंज बगड़ा के अनोग के समीप ऑल्टो कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से बाहर गहरी खाई में जा गिरी। जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और गाड़ी में सवार 3 लोग गंभीर रूप से घायल है।

जिन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल करसोग लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के दौरान दो घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए इन्हें शिमला स्थित आईजीएमसी के लिए रेफर किया गया, वहीं एक घायल का उपचार सिविल अस्पताल करसोग में चल रहा है। मृतकों की पहचान व्यक्ति 55 वर्षीय रोशन लाल पुत्र नन्दलाल गांव बड़ौता के रुप में हुई। वहीं घायलों की पहचान लोकचन्द पुत्र दीवान चंद आरओ बाग, सुमित पुत्र डोलाराम आरओ बाग और पवन कुमार पुत्र देवीराम आरओ बाग के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही करसोग पुलिस मौके पर रवाना हो गई। घायलों को एंबुलेंस सेवा 108 के माध्यम से सिविल अस्पताल करसोग पहुंचाया गया। डीएसपी करसोग अरुण मोदी ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीएम करसोग सुरेंद्र कुमार ठाकुर भी घायलों का कुशलक्षेम पूछने अस्पताल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने फौरी तौर पर मृतक परिवार को 15 हजार और घायलों को पांच पांच हजार की सहायता राशि भी प्रदान की।

kirti