शिमला के रिज मैदान पर फिर मंडराया खतरा, एक हिस्से में आईं बड़ी-बड़ी दरारें

Saturday, Aug 17, 2019 - 05:47 PM (IST)

शिमला (वंदना/तिलक): शिमला की शान कहे जाने वाले रिज मैदान पर खतरा मंडराने लगा है। भारी बारिश से ऐतिहासिक रिज मैदान के एक हिस्से में बड़ी-बड़ी दरारें आ गई हैं। ये दरारें दिन-प्रतिदिन बढ़ रही हैं। इन दरारों से बारिश का पानी रिसने से इसके धंसने का खतरा पैदा हो गया है। भारी बारिश के कारण पिछले एक माह से लगातार इस हिस्से के धंसने से लोगों की चिंता भी बढ़ गई है। इस हिस्से से ठीक नीचे तिब्बती मार्कीट है, ऐसे में कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है। प्रदेश सरकार द्वारा इसी जगह पर स्वर्गीय अटल जी की प्रतिमा लगाने की जगह भी तय की गई है।  गेयटी थिएटर के सामने ही प्रतिमा लगाई जानी है लेकिन यही हिस्सा काफी धंस गया है।

पिछले साल भी डेढ़ से दो फुट तक धंस गया था हिस्सा

उधर, नगर निगम ने इस धंस रही जगह को बचाने के लिए अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। रिज का यह हिस्सा पिछले साल भी करीब डेढ़ से दो फुट तक धंस गया था। इसके बाद नगर निगम ने गेयटी से निकलने वाली ड्रेनेज पाइप की मुरम्मत करवाई थी लेकिन अब यही हिस्सा मैदान से नीचे धंस गया है। इस जगह पर लगाई गई रेलिंग भी काफी धंस गई है और टूटने की कगार पर पहुंच गई है।

क्या बोलीं नगर निगम की महापौर

वहीं शनिवार को निरीक्षण करने पहुंची नगर निगम की महापौर कुसुम सदरेट ने कहा कि बीते वर्ष भी मैदान का यह हिस्सा धंसा था और इसकी मुरम्मत भी की थी लेकिन इस बार फिर धंस गया है। इसकी मुरम्मत के लिए निगम ने 35 लाख का बजट रखा है  और बारिश खत्म होने के बाद इसकी मुरम्मत का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

Edited By

Simpy Khanna