Hamirpur: अंग्रेजी शिक्षकों की भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित

punjabkesari.in Thursday, May 07, 2026 - 07:23 PM (IST)

हमीरपुर (ब्यूरो) : हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग ने अंग्रेजी के शिक्षकों के 312 पदों पोस्ट कोड 26002 को फिक्स मानदेय के आधार पर भरने के लिए 3 अप्रैल को आयोजित कम्प्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टैस्ट का परिणाम घोषित कर दिया है। परीक्षा का परिणाम आयोग की वैबसाइट एचपीआरसीए एचपी जीओवी इन पर उपलब्ध करवा दिया गया है। आयोग के सचिव डा. विक्रम महाजन ने बताया कि इस परीक्षा में उत्तीर्ण 489 उम्मीदवारों की डॉक्यूमैंट वैरीफिकेशन की प्रक्रिया 8 जून सुबह 10 बजे से आयोग के परिसर में आरंभ होगी, जिसका शैड्यूल अलग से अपलोड किया जाएगा और उम्मीदवारों को उनकी ई-मेल आईडी पर सूचित किया जाएगा।

उन्हें अलग से बुलावा पत्र नहीं भेजे जाएंगे। वहीं डॉक्यूमैंट वैरीफिकेशन के समय इन उम्मीदवारों को अपने साथ सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां, इनकी सैल्फ अटैस्टिड फोटो प्रतियों के 2-2 सैट, आवेदन पत्र की डाऊनलोड कॉपी और आईडी प्रूफ इत्यादि साथ लाने होंगे। सचिव ने बताया कि अगर कोई उम्मीदवार निर्धारित तिथि को डॉक्यूमैंट वैरीफिकेशन के लिए उपस्थित नहीं होता है तो उसे कोई और अवसर नहीं दिया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News