सुक्खू को हटाने पर वीरभद्र खेमे में खुशी की लहर, बांटी मिठाई

Friday, Jan 11, 2019 - 02:32 PM (IST)

शिमला (राजीव): हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष पद से सुखविंदर सिंह सुक्खू को हटा कर कुलदीप राठौर की नियुक्ति पर वीरभद्र गुट में खुशी की लहर दौड़ गई है। कांग्रेस समर्थक शुक्रवार सुबह ही हॉली लॉज पहुंचे और कुलदीप राठौर के अध्यक्ष बनने पर मिठाई बांटी। इस मौके पर वीरभद्र सिंह ने कुलदीप के अध्यक्ष बनने के साथ-साथ सुक्खू पर भी जमकर निशाना साधा। साथ ही कहा कि हाईकमान को पहले ही अध्यक्ष को बदल देना चाहिए। सुक्खू ने कांग्रेस को प्रदेश में अपना कुनबा बना के रख दिया था, मनमर्जी से भर्तियां कर रहे थे और अब राठौर को अध्यक्ष बनाया है तो वे बखूबी इस जिम्मेदारी को निभाएंगे। सात ही पार्टी के हित में काम करेंगे।

राठौर लंबे समय से कांग्रेस में रहे हैं और पार्टी के लिए काम किया है। वीरभद्र ने कहा कि लोकसभा चुनावों में एकजुट होकर काम करेंगे और लोकसभा की सभी सीटें जीतेंगे। उन्होंने लोकसभा चुनाव लड़ने को लेकर कहा कि वे चुनाव नहीं लड़ेंगे बल्कि लड़ाएंगे। उधर विधानसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस से निष्काषित किए नेताओं को वापिसी की वीरभद्र ने वकालत करते हुए कहा कि उन्हें वापिस लाना चाहिए। वहीं वीरभद्र ने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस का जन्मदाता में हूं। कांग्रेस पार्टी के कार्यालय में जब ताले लगा दिए थे तो हॉली लॉज से ही पार्टी कई सालों तक चली थी। लोकसभा चुनावों को लेकर उन्होंने कहा कि वे प्रचार में जुट गए हैं और हमीरपुर जाएंगे। साथ ही वे सभी क्षेत्रों में जाकर प्रचार करेंगे और चारों सीटें कांग्रेस जीतेगी, उन्होंने कहा कि अभी में जवान हूं।

Ekta