राठौर ने अपने ही नेताओं को खुले मंच से दे डाली ये चेतावनी, जानिए क्या कहा

Tuesday, Apr 09, 2019 - 08:17 PM (IST)

मंडी (नीरज): कांग्रेसी नेता कान खोल कर सुन लें, अगर लोकसभा चुनावों में लीड नहीं तो फिर विधानसभा चुनावों में टिकट भी नहीं। यह चेतावनी दी है हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने। मंगलवार को मंडी पहुंचे राठौर ने पार्टी नेताओं को खुले मंच से चेतावनी दे डाली। वह यहां पर मंडी संसदीय क्षेत्र के सम्मेलन में शिरकत करने आए हुए थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं कि कोई भी पार्टी नेता या पदाधिकारी लोकसभा के चुनाव को हल्के में न लें।

पार्टी पदाधिकारियों को भी चेताया

उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों के परिणामों के बाद सभी नेताओं के कार्यों की समीक्षा की जाएगी। जिस विधायक या पूर्व विधायक के क्षेत्र से कम लीड आएगी उसके विधानसभा चुनावों के टिकट पर पार्टी गंभीरता से विचार करेगी। वहीं उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों को स्पष्ट किया कि उन्होंने अध्यक्ष बनने के बाद किसी को नहीं बदला है। यदि किसी पदाधिकारी के क्षेत्र से कम लीड रही तो लोकसभा चुनावों के बाद समीक्षा करके उसे पद से भी हटाने पर गुरेज नहीं किया जाएगा।

सुखराम का किया स्वागत, भाजपा पर साधा निशाना

वहीं उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित सुखराम का पार्टी में दोबारा आने पर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पंडित सुखराम के दोबारा कांग्रेस में आने से पार्टी को नई ताकत मिली है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता झूठा प्रचार कर रहे हैं कि वीरभद्र सिंह मंडी सहित प्रदेश में पार्टी के लिए काम नहीं करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि वीरभद्र सिंह पूरे प्रदेश में पार्टी प्रत्याशियों के लिए प्रचार करने जल्द ही मैदान में उतरेंगे। उन्होंने बताया कि मंडी में सुखराम और वीरभद्र सिंह मिलकर पार्टी प्रत्याशी आश्रय शर्मा के लिए काम करेंगे। जल्द ही वीरभद्र सिंह का दौरा तय किया जा रहा है।

सम्मेलन में ये रहे मौजूद

इस मौके पर सम्मेलन में पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित सुखराम, पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर, ठाकुर सिंह भरमौरी, प्रकाश चौधरी, रंगीला राम राव, मस्त राम, मनसा राम, पूर्व सीपीएस सोहन लाल ठाकुर, विधायक नंद लाल, सुंदर ठाकुर, विक्रमादित्य सिंह और कांग्रेस प्रत्याशी आश्रय शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

Vijay