राठौर ने साधा निशाना, बोले-चुनाव आयोग ने केंद्र सरकार के दबाव में लिया उपचुनाव टालने का फैसला

Saturday, Sep 04, 2021 - 06:10 PM (IST)

शिमला (राक्टा): चुनाव आयोग ने मंडी संसदीय क्षेत्र के साथ ही अर्की, फतेहपुर और जुब्बल-कोटखाई विधानसभा उपचुनाव टालने का फैसला केंद्र सरकार के दबाव में लिया है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने शनिवार को यह बात कही। मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग में भाजपा सरकार के खिलाफ जबरदस्त गुस्सा और आक्रोश है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश के साथ ही प्रदेश के लोगों में भी बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को सामने देख भाजपा उपचुनाव से भाग खड़ी हुई है। इसके साथ ही किसानों व बागवानों में केंद्र सरकार के खिलाफ गुस्सा होना भी उपचुनाव को टालने का एक मुख्य कारण है।

देश व प्रदेश की सत्ता से भाजपा की विदाई तय

राठौर ने कहा कि आज जिन परिस्थितियों से देश व प्रदेश गुजर रहा है, उसके लिए भाजपा की नीतियां व निर्णय जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि सरकार में लोगों का सामना करने की शक्ति नहीं रही है। राठौर ने कहा कि अब आने वाले चुनावों में देश व प्रदेश की सत्ता से भाजपा की विदाई तय है। प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पूर्ण बहुमत लेकर एक लोकप्रिय सरकार का गठन करेगी।

जनता से किए वायदे भी नहीं किए पूरे

राठौर ने कहा कि प्रदेश सरकार अपने अब तक के कार्यकाल में हर मोर्चे पर विफल रही है। जनता से जो वायदे कर भाजपा प्रदेश में सतारूढ़ हुई थी, वे वायदे भी पूरे नहीं हुए हैं।  उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार जनता में अपनी साख हो चुकी है और अब जनता उनके किसी भी प्रलोभन में नहीं आने वाली है।

Content Writer

Vijay