महिला ने बहन के पति पर लगाया दुष्कर्म का आरोप

Sunday, Aug 23, 2020 - 04:59 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): राजधानी शिमला में एक महिला के साथ उसकी बहन के पति द्वारा दुराचार करने का मामला सामने आया है। 4 माह पहले बहन के पति ने उसकी आबरू लूटी थी। पीड़ित महिला के पति की मृत्यु हो चुकी है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला सदर थाना क्षेत्र का है। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार वर्ष 2003 में महिला की शादी हुई थी और उसके 2 बच्चे हैं। पति की मौत के बाद छोटी बहन का पति उस पर बुरी नजर रखने लगा और किसी न किसी बहाने उसके घर पर आता रहता था। इस बारे में उसने अपनी मां और छोटी बहन को भी बताया था।

पीड़िता के मुताबिक 22 मार्च, 2020 को जब वह अपने कमरे में अकेली थी तो शाम के समय उसका जीजा घर पर आया और दुष्कर्म किया। पीड़िता ने बताया कि उसने अपनी मां के समक्ष घटना का खुलासा किया लेकिन बहन का परिवार न टूटे, इस कारण पुलिस में रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई। पीड़िता ने आगे बताया कि अब जब उसने अपनी छोटी बहन को इस घटना की जानकारी दी तो वह उलटा उस पर शक करने लगी है वहीं दुष्कर्म करने वाला उसका जीजा उसे बदनाम कर रहा है, ऐसे में वह जीजा के खिलाफ  कार्रवाई चाहती है।

उधर, मामले में जांच कर रहे पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर आईपीसी की धाराओं 452 व 376 में केस दर्ज कर ली गई है। इस मामले में फि लहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।

Vijay