सांसद रामस्वरूप शर्मा को अगला प्रत्याशी घोषित कर गया पन्ना प्रमुख सम्मेलन

Wednesday, Nov 28, 2018 - 11:23 PM (IST)

मंडी (नीरज): भाजपा का पन्ना प्रमुख सम्मेलन मंडी से भाजपा के सांसद रामस्वरूप शर्मा को फिर से अगला प्रत्याशी घोषित कर गया। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने स्पष्ट तौर पर सांसद राम स्वरूप शर्मा को फिर से जीताने का जिम्मा पन्ना प्रमुखों को दे दिया। तो वहीं सी.एम. जयराम ठाकुर ने भी सांसद के कार्यों की जमकर प्रशंसा करते हुए उनकी पैरवी की। बुधवार को मंडी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में हिमाचल भाजपा के पहले पन्ना प्रमुख सम्मेलन का आयोजन किया गया था। सम्मेलन में मंडी संसदीय क्षेत्र के 30 हजार के करीब पन्ना प्रमुख यहां आए हुए थे। वहीं सरकार से लेकर संगठन का सारा शीर्ष नेतृत्व मंच पर मौजूद था।

सांसद रामस्वरूप जनता के सच्चे सेवक
केंद्रीय गृह मंत्री ने अपना संबोधन समाप्त करने से पहले सांसद रामस्वरूप शर्मा की जमकर तारीफ की। उन्होंने सांसद राम स्वरूप शर्मा को एक ईमानदार नेता और जनता का सच्चा सेवक बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्ति को फिर से चुनकर आना चाहिए। इसलिए उन्होंने पूरे संसदीय क्षेत्र से आए भाजपा के पन्ना प्रमुखों को यह दायित्व सौंपा कि वह राम स्वरूप शर्मा की जीत के लिए काम करें और यह एक सांसद की नहीं बल्कि पन्ना प्रमुखों की जीत होगी।

सांसद के छोटे-छोटे कामों से बनी अलग पहचान
वहीं सी.एम. ने भी अपने संबोधन की समाप्ति से पहले सांसद राम स्वरूप शर्मा के कार्यों की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि बड़े नाम वाले सांसद बन जाते हैं लेकिन नाम बड़ा नहीं होता बल्कि काम बड़ा होता है। जयराम ठाकुर ने कहा कि कभी बड़ा काम भी काम नहीं आता और कभी छोटे-छोटे काम भी नाम बना जाते हैं। उन्होंने कहा कि सांसद राम स्वरूप शर्मा ने जो छोटे-छोटे काम मंडी संसदीय क्षेत्र में किए हैं उससे उनकी एक नई और अलग पहचान बनी है।

चर्चाओं पर काफी हद तक लग सकता है विराम
बता दें कि इस वक्त मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा के टिकट के कई तलबगार कतार में हैं। और ऐसी चर्चाएं जोर पकड़ रही थी कि मंडी से भाजपा किसी नए चेहरे को मैदान में उतार सकती है। लेकिन पन्ना प्रमुखों के सम्मेलन में जिस तरह से सांसद को प्रोजैक्ट किया गया उससे इन चर्चाओं पर काफी हद तक विराम लग सकता है। हालांकि यह तब तक तय नहीं माना जा सकता जब तक पार्टी हाईकमान अधिकारिक तौर पर इस बात का ऐलान नहीं करती।

Vijay