रामस्वरूप बोले-सऊदी अरब में फंसे भारतीयों को सुरक्षित लाएंगे वापस

Friday, Nov 30, 2018 - 09:39 PM (IST)

मंडी (नीरज): मंडी के सांसद रामस्वरूप शर्मा ने सऊदी अरब में फंसे भारतीयों को सुरक्षित भारत लाने की बात कही है। रामस्वरूप शर्मा ने मामले की जानकारी मिलते ही तुरंत प्रभाव से इस विषय को भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के समक्ष उठा दिया है। उन्होंने विदेश मंत्रालय के अधिकारियों से दूरभाष पर बात करके मामले पर शीघ्र कार्रवाही करने का आग्रह किया है। वहीं विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को भी इस संदर्भ में पत्र लिख दिया है। सांसद ने कहा कि सऊदी अरब में फंसे 14 भारतीयों में से 13 हिमाचली हैं और ये मंडी जिला के सुंदरनगर उपमंडल के रहने वाले हैं।

एजैंट ने धोखे से पहुंचा दिए सऊदी अरब

उन्होंने बताया कि एक एजैंट ने इन्हें टूरिस्ट वीजा के तहत धोखे से सऊदी अरब पहुंचाया और अब ये लोग वहां पर फंस गए हैं। उन्होंने कहा कि धोखा करने वाले एजैंट के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि विदेश मंत्रालय के समक्ष पत्र लिखकर मामला उठाया गया है और ऐसे मामलों पर विदेश मंत्रालय ने पहले भी तुरंत प्रभाव से कार्रवाई की है। उन्होंने सऊदी अरब में फंसे हुए भारतीयों के परिजनों को विश्वास दिलाया है कि सभी को वहां से सुरक्षित वापस स्वदेश पहुंचाया जाएगा।

Vijay