5 साल में कितनी बढ़ी रामस्वरूप शर्मा की चल-अचल संपत्ति, जानने के लिए पढ़ें खबर

Wednesday, Apr 24, 2019 - 10:20 PM (IST)

मंडी (नीरज): हॉट सीट मंडी से बुधवार को मौजूदा सांसद व भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप शर्मा ने नामांकन पत्र भर दिया है। नामांकन पत्र में रामस्वरूप शर्मा ने हल्फनामा दिया है, जिसमें उन्होंने अपनी उम्र 60 साल बताई है जबकि शिक्षा दसवीं पास है। 2014 के लोकसभा चुनाव में दिए शपथ पत्र व 2019 के शपथ पत्र के मुताबिक 5 साल में उनकी संपत्ति करीब 20 लाख रुपये बढ़ी है। उनके अलावा उनकी धर्मपत्नी की संपत्ति में भी करीब 17 लाख रुपए की बढ़ौतरी हुई है।

चल संपत्ति में हुई 26,27,983 रुपए की बढ़ौतरी

2014 में सांसद के पास 2,05,555 रुपए चल संपत्ति थी जोकि 5 साल बाद वर्ष 2019 में करीब 28,33,538 रुपए की हो गई है। चल संपत्ति में ही 26,27,983 रुपए बढ़ौतरी हुई है। अचल संपत्ति पिछले लोकसभा चुनावों के दौरान 50 लाख थी जोकि अब 62 लाख के करीब हो चुकी है यानि अचल संपत्ति में 12 लाख रुपए की बढ़ौतरी हुई है। कुल मिलाकर उनकी संपत्ति में 38 लाख बढ़ौतरी हुई है। उनकी पत्नी के पास 2014 में 19,73,316 रुपए की चल संपत्ति थी जोकि अब वह 28,90,799 रुपए हो गई है जबकि 2014 के लोस चुनाव में उनकी अचल संपत्ति 30 लाख थी जोकि वर्तमान में 38 लाख रुपए हो गई है। इस प्रकार से उनकी अचल संपत्ति में 8 जबकि चल संपत्ति में 9.17 लाख की बढ़ौतरी हुई है।

दिल्ली के एक खाते में जमा हैं 6 लाख रुपए

शपथ पत्र के अनुसार रामस्वरूप शर्मा के पास कैश 40 हजार रुपए है जबकि उनकी धर्मपत्नी के पास 50 हजार रुपए है। उनके पास 3 सोने की अंगूठियां, एक सोने की चेन समेत कुल 40 ग्राम सोना है, जिसकी कीमत करीब 1.32 लाख रुपए है जबकि उनकी पत्नी के पास स्त्री धन का 100 ग्राम सोना उपलब्ध है, जिसकी कीमत करीब 3.30 लाख है। बैंक बैलेंस की बात करें तो सांसद के एक खाते में शून्य रुपए हैं जबकि एक में 300 रुपए हैं जबकि दिल्ली एक खाते में करीब 6 लाख रुपए जमा हैं। वहीं पत्नी के बैंक खातों में लाखों में राशि मौजूद है।

3 लाख रुपए का लोन चुकता करना बाकी

उन्होंने हल्फनामा देकर निर्वाचन अधिकारी से गुहार लगाई है कि मतदाता सूची में उनका नाम रामस्वरूप अंकित है जबकि उन्हें लोग रामस्वरूप शर्मा के नाम से जानते हैं, ऐसे में लोकसभा चुनाव के लिए उनका नाम हिंदी व अंग्रेजी दोनों में ही रामस्वरूप शर्मा ही अंकित किया जाए। उनके विरुद्ध कोई भी आपराधिक केस नहीं है। रामस्वरूप शर्मा के पास एक गन भी है, जिसकी कीमत उन्होंने 25 हजार रुपए दर्शाई है। उन्हें करीब 3 लाख रुपए लोन भी चुकता करना बाकी है जबकि पत्नी को भी पौने पांच लाख रुपए लोन चुकता करना है।

Vijay