सरकार ने रामसुभग सिंह को CM के प्रधान सलाहकार व विशेष मुख्य सचिव पद से हटाया

Thursday, Feb 02, 2023 - 05:53 PM (IST)

आईएएस अधिकारी राकेश कंवर को सौंपा अतिरिक्त जिम्मा
शिमला (कुलदीप):
राज्य सरकार ने वर्ष 1987 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी रामसुभग सिंह को मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार व विशेष मुख्य सचिव ऊर्जा के पद से हटा दिया है। हालांकि उनके पास हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड लिमिटेड के अध्यक्ष का दायित्व रहेगा, साथ ही वह मुख्यमंत्री को ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े नीतिगत मामलों व दुग्ध उत्पादन से संबंधित विषयों पर सलाह देते रहेंगे। मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना की तरफ से इस आशय संबंधी अधिसूचना जारी कर दी गई है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू माने जाएंगे। 

उल्लेखनीय है कि रामसुभग सिंह पूर्व भाजपा सरकार के समय मुख्य सचिव पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनको मुख्य सचिव के पद से पूर्व भाजपा सरकार के समय हटाकर उनके स्थान पर आरडी धीमान को नया मुख्य सचिव बनाया गया था। वर्तमान सरकार ने उनको मुख्य सचिव तो नहीं बनाया, लेकिन विशेष मुख्य सचिव का पदनाम जरुर दिया था। अब उनसे विशेष मुख्य सचिव के पदनाम को भी वापस ले लिया है। राज्य सरकार ने इसके अलावा वर्ष 2007 बैच के आईएएस अधिकारी एवं सचिव कृषि, भाषा एवं कला संस्कृति राकेश कंवर को पशुपालन एवं मत्स्य पालन का अतिरिक्त जिम्मा सौंपा है। इसको लेकर भी मुख्य सचिव की तरफ से अधिसूचना जारी कर दी गई है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
 

Content Writer

Vijay