दर्दनाक हादसा: 2 बोलैरो कैंपर गाडिय़ों में भिड़ंत, 3 की मौत

Tuesday, May 31, 2022 - 07:43 PM (IST)

रामपुर बुशहर (नोगल): उपमंडल रामपुर के अंतर्गत आने वाले तकलेच के समीप सेरी पुल में बीती रात एक दर्दनाक हादसा घटित हुआ है। इस हादसे में 2 वाहनों की जोरदार भिडं़त हो गई, जिससे दोनों वाहन सड़क मार्ग से अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गए। हादसे के समय वाहनों में सवार 3 युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा बीती रात घटित हुआ है। इसमें बोलैरो कैंपर गाड़ी नं. (एच.पी. 06ए, 3773) व (एच.पी.06ए, 2243) के बीच भिड़ंत हो गई। इसके कारण दोनों वाहन सड़क मार्ग से नीचे लुढ़क गए, जिससे 3 युवकों की मौत हो गई।

इन युवकों में हरीश कुमार (31), पुत्र सालिग राम गांव राक्षी, डाकघर करैरी, तहसील रामपुर, जिला शिमला, अंकुश (29), पुत्र संसार दास, गांव व डाकघर करैरी, तहसील रामपुर, जिला शिमला व बलवीर पुत्र देवी सिंह, गांव जुआ डाकघर देवठी-करैरी के रूप में हुई है। वहीं घायल व्यक्ति की पहचान राकेश कायथ गांव व डाकघर करैरी के रूप में हुई है। हादसे के शिकार हुए युवकों के शव पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिए हैं। इसके अलावा घायल व्यक्ति का इलाज रामपुर के खनेरी अस्पताल में चल रहा है। जानकारी के अनुसार इस गाड़ी में किसान अपने खेतों में तैयार हुई मटर की बोरियां सब्जी मंडी में सेल के लिए ले जा रहे थे। डी.एस.पी. रामपुर चंद्रशेखर कायस्थ ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हादसे के कारणों की छानबीन की जा रही है।

Content Writer

Kuldeep