रजनी पाटिल की पार्टी विरोधी काम करने वालों को कड़ी चेतावनी, जानिए क्या कहा

Thursday, Nov 14, 2019 - 08:45 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): धर्मशाला और पच्छाद उपचुनाव में मिली हार और प्रदेश कांग्रेस में चल रही गुटबाजी को पार्टी की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने दो टूक कहा कि कांग्रेस को उन नेताओं की कोई जरूरत नहीं है जो पार्टी के भीतर झगड़ा फैलाते हों। उन्होंने कहा कि पार्टी ने सब नेताओं को पूरा मान-सम्मान दिया है फिर भी यदि कोई आपस में मतभेद पैदा करने की कोशिश करता है तो उसको पार्टी से बाहर कर दिया जाना चाहिए।

एक-दूसरे से झगड़ते रहेंगे तो परिणाम पक्ष में नहीं आएंगे

उन्होंने कहा कि पच्छाद विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी गंगूराम मुसाफिर केवल 2 हजार वोट से चुनाव हारे। यदि थोड़ी मेहनत और कर दी होती तथा सभी राजनीतिक लोग साथ देते तो चुनाव जीत सकते थे। उन्होंने कहा कि धर्मशाला में भी ऐसा ही हुआ। उन्होंने कहा कि यदि एक-दूसरे से झगड़ते रहेंगे तो परिणाम पक्ष में नहीं आएंगे। उन्होंने कहा कि संगठन में झगडऩे वाले जो लोग हैं, उन्हें साइड करने में कार्यकर्ता भी अहम भूमिका निभाते हैं।

सोनिया गांधी के फैसले का नहीं किया जाएगा इंतजार

उन्होंने किसी का नाम न लेते हुए कहा कि जिनको मंत्री पद दिया, अध्यक्ष पद दिया फिर भी वही पार्टी विरोधी काम करते हैं तो उनको सीधे बाहर किया जाएगा, पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के फैसले का इंतजार नहीं किया जाएगा। पाटिल के इस कड़े रुख से स्पष्ट है कि संगठन में आपसी मतभेद को बढ़ावा देने वाले, संगठन की गतिविधियों से किनारा करने वाले और निष्क्रिय पदाधिकारियों पर अब गाज गिर सकती है।

उपचुनाव में एक-दूसरे पर साधा निशाना

बता दें कि उपचुनाव के दौरान कांग्रेस नेताओं में आपसी गुटबाजी उभर कर सामने आई। उपचुनाव के परिणाम के बाद यहां कुछ पदाधिकारी एक-दूसरे पर सीधे तौर पर निशाना भी साधते नजर आए, ऐसे में पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी का संज्ञान लेते हुए प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी से ही नेता और पदाधिकारी बनते हैं, ऐसे में सभी को एकजुट होकर संगठन की मजबूती के लिए काम करना होगा।

Vijay