कृषि बिल के विरोध में राजीव गांधी पंचायती राज संगठन, इस दिन करेगा धरना-प्रदर्शन

Tuesday, Sep 29, 2020 - 04:41 PM (IST)

शिमला (याेगराज): राजीव गांधी पंचायती राज संगठन हिमाचल प्रदेश ने शिमला में पदाधिकारियों की एक बैठक आयोजित कर केंद्र सरकार द्वारा लाए गए कृषि सुधार कानून के खिलाफ मोर्चा खोलने की रणनीति बनाई है। संगठन ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि बड़े-बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए इस कानून को लाया गया है। रसंगठन ने आगामी 2 अक्तूबर को महात्मा गांधी की जयंती के मौके पर जिला मुख्यालयों में धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है।

राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के राज्य संयोजक दीपक राठौर ने कहा कि प्रदेश में भी किसानों को कृषि सुधार कानून के कारण नुक्सान झेलना पड़ेगा। कानून आने से पहले जहां किसानों-बागवानों की फसलों की खरीद के लिए बाहरी राज्यों से आढ़ती आते थे और प्रतिस्पर्धा में फसल के भी किसानों को अच्छे दाम मिलते थे लेकिन इस बिल के आ जाने से केवल चंद उद्योगपतियों को ही फायदा होगा, मंडियां बंद हो जाएंगी और किसान को फसलों के अच्छे दाम नहीं मिलेंगे।

केंद्र सरकार ने इस कानून को पारित करने के लिए सभी नियमों को ताक पर रखा है और बिल को बिना चर्चा और वोटिंग के ही संसद में पारित किया है जोकि किसानों के साथ बहुत बड़ा धोखा है।पंचायती राज संगठन इसके खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ेगा और सरकार को इस कानून को वापस लेने पर मजबूर करेगा।

Vijay