राजीव बिंदल ने केंद्र सरकार के सामने रखी हिमाचल की ये बड़ी मांग, जानिए क्या

Saturday, Dec 22, 2018 - 08:34 PM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर से ई.एस.आई. अस्पताल खुलने की उम्मीद जगी है। इससे पहले पूर्व यू.पी.ए. सरकार के समय में मंडी जिला के नेरचौक के लिए ई.एस.आई. अस्पताल स्वीकृत हुआ था लेकिन बाद में इसे मैडीकल कॉलेज में तबदील कर दिया गया। अब सिरमौर जिला के कालाअंब में 100 बिस्तरों वाले ई.एस.आई. मैडीकल कॉलेज की केंद्र सरकार से मांग की गई है, ऐसे में यदि यह मामला सिरे चढ़ा तो औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में इसे खोला जा सकता है। हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री संतोष गंगवार से नई दिल्ली में मुलाकात कर यह मामला उठाया है। उन्होंने इस संदर्भ में एक मांगपत्र भी केंद्रीय मंत्री को सौंपा ताकि औद्योगिक क्षेत्र में इस अस्पताल को खोला जा सके।

प्रदेश में नहीं कोई ई.एस.आई. मैडीकल कॉलेज

उल्लेखनीय है कि केंद्र में सत्ता परिवर्तन के बाद यह निर्णय लिया गया कि श्रम मंत्रालय मैडीकल कॉलेज नहीं चलाएगा। इसके बाद केंद्र ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय व प्रदेश सरकार को पत्र लिखकर ई.एस.आई. मैडीकल कॉलेज व अस्पताल चलाने को कहा था। इस पर खूब सियासत भी हुई तथा मामला विधानसभा के अंदर भी गूंजा। बाद में राज्य सरकार ने यहां पर मैडीकल कॉलेज चलाने का निर्णय लिया। प्रदेश में कोई ई.एस.आई. मैडीकल कॉलेज नहीं है।

बिंदल ने किया ट्वीट

प्रदेश की तरफ से फिर से इसकी मांग विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल की तरफ से की गई है। उन्होंने इसे अपने विधानसभा क्षेत्र नाहन के अंतर्गत आने वाले कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र में खोलने की वकालत की है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से इस बारे मामला उठाए जाने संबंधी बात को ट्वीट कर सांझा किया है।

Vijay