JP Nadda ने पलटी बाजी, डॉ. राजीव बिंदल होंगे हिमाचल भाजपा के नए अध्यक्ष

Tuesday, Jan 14, 2020 - 09:51 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): पल-पल बदलते सियासी समीकरणों के बीच हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद की दौड़ में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल का नाम आगे आ गया है। इसके लिए केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक की अध्यक्षता में भाजपा अध्यक्ष पद की चुनाव प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय सचिव सुनील देवधर भी भाग लेंगे। भाजपा अध्यक्ष चुनाव के लिए 17 जनवरी को नामांकन प्रक्रिया होगी। पार्टी की तरफ से नामांकन पत्र एक ही नेता की तरफ से भरा जाएगा। इसके बाद 18 जनवरी को चुनाव प्रक्रिया पूरी होते ही नए अध्यक्ष अपना पदभार संभाल सकते हैं।

सूत्रों के अनुसार भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने यह बाजी पलटी है। उनको अध्यक्ष पद का दायित्व इसलिए भी सौंपा जा सकता है ताकि सत्ता और संगठन दोनों जगह पकड़ को मजबूत किया जा सके। डॉ. राजीव बिंदल के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बनने की स्थिति में शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज को नया विधानसभा अध्यक्ष बनाया जा सकता है। सुरेश भारद्वाज विधानसभा अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद को संभालने में इस समय सबसे उपयुक्त नेता हैं।

सूत्रों के अनुसार प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद मंत्रिमंडल विस्तार कभी भी हो सकता है। इसमें शहरी विकास एवं आवास मंत्री सरवीण चौधरी को मंत्रिमंडल से ड्रॉप किया जा सकता है। यदि ऐसा हुआ तो कमलेश कुमारी की लॉटरी लग सकती है और उन्हें राज्यमंत्री बनाया जा सकता है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चुनाव प्रक्रिया के चलते मंत्रिमंडल विस्तार लगातार टल रहा है। इससे पहले डॉ. राजीव बिंदल को मंत्रिमंडल में जगह देने की बात चल रही थी लेकिन बाद में उनको संगठन के लिए सबसे उपयुक्त मानते हुए अध्यक्ष पद सौंपने पर सहमति बनी है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के अलावा अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी इस पर अपनी मोहर लगा दी है। भाजपा अध्यक्ष पद का चयन राष्ट्रीय स्तर पर भी होना है, जिसके लिए जगत प्रकाश नड्डा का नाम लगभग तय है। इसी कारण पार्टी की तरफ से उनको गत वर्ष राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष पद का दायित्व सौंपा गया था।

हिमाचल प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष बनने जा रहे डॉ. राजीव बिंदल नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले विधानसभा अध्यक्ष पद से इस्तीफा देंगे। सूत्रों के अनुसार वह 16 जनवरी को विधानसभा अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे सकते हैं।

Vijay