बारिश ने बरपाया कहर: कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर होने लगी पत्थरों की बरसात, यातायात ठप
punjabkesari.in Monday, Aug 25, 2025 - 10:58 AM (IST)

हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश ने कहर बरपाया हुआ है, जिससे जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। मूसलाधार बारिश के कारण जगह-जगह भूस्खलन हो रहे हैं, जिसके चलते कई प्रमुख सड़कें बंद हो गई हैं।
बिलासपुर और मंडी के बीच कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर थापना के पास भारी भूस्खलन हुआ। पहाड़ी से बड़े-बड़े पत्थर और मलबा गिरने लगा, जिससे सड़क पर यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। इस भूस्खलन की चपेट में एक ट्रक भी आ गया, जिसका पिछला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, इस हादसे में ट्रक चालक को ज़्यादा गंभीर चोटें नहीं आईं, लेकिन फोरलेन पर आवाजाही रुकने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कीरतपुर -नेरचौक फोरलेन बिलासपुर के थापना के पास पहाड़ी से गिरे पत्थर... देखें वीडियो pic.twitter.com/pCjgwTJxsi
— Munish Gariya (@ManishGariya2) August 24, 2025
मैहला में भी इसी फोरलेन पर पहाड़ी से मलबा और पत्थर गिरने का सिलसिला जारी है। रविवार सुबह भी भूस्खलन के कारण यह मार्ग करीब दो घंटे तक बंद रहा, जिससे दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। यात्रियों और वाहन चालकों को घंटों तक फंसे रहना पड़ा।
प्रशासन और नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू किया, लेकिन दोपहर बाद फिर से तेज बारिश होने लगी, जिससे पहाड़ी से और मलबा आ गया और सड़क फिर से बंद हो गई।