हिमाचल में अधिकतर स्थानों पर जमकर बारिश, रोहतांग की चोटियों पर हिमपात शुरू

Saturday, Sep 28, 2019 - 10:37 PM (IST)

शिमला/मनाली: हिमाचल में मानसून विदा होने से पहले खूब बरस रहा है। मानसून के अंतिम चरण के चलते शनिवार को प्रदेश की राजधानी शिमला सहित अधिकतर क्षेत्रों में खूब बारिश हुई। बारिश का दौर पिछले 2 दिनों से जारी है। बारिश होने से पर्वतीय इलाकों में ठंडी हवाएं चलने लगी हैं, जिससे मौसम सर्द हो गया है। उधर, मौसम के करवट बदलते ही मनाली सहित लाहौल-स्पीति की चोटियों पर बर्फबारी शुरू हो गई है। बर्फ के फाहे गिरने से तापमान में भी गिरावट आ गई है। मनाली और केलांग में मौसम ठंडा हो गया है। ऊंचाई वाली पहाडिय़ां बर्फ  से सराबोर होने लगी हैं। रोहतांग की चोटियों में भी बर्फ  के फाहे गिरे हैं। रोहतांग के उस पार बारालाचा, शिंकुला जोत, कुंजुंम जोत, छोटा व बड़ा शिघरी ग्लेशियर, लेडी ऑफ  केलांग व नीलकंठ की पहाडिय़ों पर भी बर्फबारी हो रही है।

मौसम को देखकर ही दारचा से आगे बढ़ें लोग

रोहतांग दर्रे में हल्की बर्फबारी होने से वाहनों की आवाजाही सुचारू चल रही है लेकिन बारालाचा दर्रे में बर्फबारी शुरू होने से मनाली-लेह मार्ग कभी भी वाहनों के लिए बंद हो सकता है। मनाली व लाहौल की पहाडिय़ों पर बर्फबारी से ठंड बढ़ गई है। डीसी केलांग केके सरोच ने लेह आने-जाने वाले लोगों से आग्रह किया है कि वे मौसम की परिस्थितियों को देखकर ही दारचा से आगे का रुख करें। उन्होंने बताया कि मनाली-लेह मार्ग पर बारालाचा दर्रे में बर्फबारी शुरू हो गई है, जिस कारण कभी भी यह मार्ग बंद हो सकता है।

कहां कितनी हुई बारिश

राजधानी शिमला में शनिवार को दिन भर रुक-रुक कर बारिश होती रही। मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों के दौरान मंडी में 36, सलौनी में 25, कंडाघाट में 22, कुफ री में 21 और जुब्बड़हट्टी में 20 मिलीमीटर बारिश हुई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश के मैदानी तथा उच्च पर्वतीय इलाकों में 2 अक्तूबर और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में 4 अक्तूबर तक मौसम खराब रहेगा। उन्होंने कहा कि अक्तूबर के पहले सप्ताह में मानसून प्रदेश से विदा हो जाएगा।

Vijay