हिमाचल में 2 दिन अंधड़ के साथ बारिश व ओलावृष्टि की चेतावनी, 10 जिलों के लिए अलर्ट जारी

Sunday, Mar 29, 2020 - 09:20 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश में आने वाले 2 दिन मौसम के कड़े तेवर देखने को मिल सकते हैं। मौसम विभाग ने 10 जिलों में अंधड़ के साथ भारी वर्षा व ओलावृष्टि की चेतावनी दी है। इसे लेकर यैलो व ऑरैंज अलर्ट भी जारी किया है। 2 से 4 अप्रैल तक मौसम साफ  रहने से लोगों को राहत मिलेगी। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बारिश-बर्फबारी व अंधड़ चलने के आसार हैं। उन्होंने कहा कि 31 मार्च व एक अप्रैल को मैदानी तथा मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में तेज बारिश व ओलावृष्टि की संभावना है। 31 मार्च को बिजली कड़कने के साथ 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। उन्होंने इन 2 दिनों के लिए यैलो व ऑरैंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सावधान रहने की हिदायत दी।

उन्होंने कहा कि यह अलर्ट लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों को छोड़कर अन्य सभी 10 जिलों के लिए जारी किया गया है। शिमला, चम्बा, कुल्लू, सिरमौर व मंडी जिलों के ऊपरी क्षेत्रों के लिए 31 मार्च को ऑरैंज अलर्ट रहेगा। इस दिन इन जिलों में अत्यधिक वर्षा व ओलावृष्टि की आशंका है, वहीं उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फ बारी हो सकती है। राज्य भर में रविवार को धूप खिलने से तापमान में उछाल आया और पहाड़ी इलाकों में लोगों को ठंड से निजात मिली। हालांकि बीते 24 घंटों के दौरान लाहौल-स्पीति के केलांग में 6 सैंटीमीटर ताजा हिमपात हुआ। इस वजह से रात के तापमान में भारी गिरावट रही।

केलांग में न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा किन्नौर के कल्पा में 0.7 डिग्री, मनाली में 0.8 डिग्री, कुफ री में 4.2 डिग्री, भुंतर में 6.1 डिग्री, चम्बा व डल्हौजी में 6.9 डिग्री, पालमपुर में 7 डिग्री, शिमला में 7.8 डिग्री, सोलन में 8.4 डिग्री, सुंदरनगर में 8.8 डिग्री, धर्मशाला में 9.4 डिग्री, कांगड़ा में 9.8 डिग्री, मंडी में 10.2 डिग्री, ऊना में 12.6 डिग्री, हमीरपुर में 12.8 डिग्री, नाहन में 13.5 डिग्री और बिलासपुर में 14 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Vijay