हिमाचल में बारिश-ओलावृष्टि ने फिर बरपाया कहर, फसलों को भारी नुक्सान

Thursday, Apr 30, 2020 - 09:24 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश में वीरवार को मौसम का मिजाज फिर बिगड़ गया। राजधानी शिमला सहित अधिकांश क्षेत्रों में दोपहर बाद बारिश तो कई जगहों पर ओलावृष्टि हुई, साथ में धूल भरी आंधी भी चली। ऊपरी शिमला के ननखड़ी, बाघी व नारकंडा इत्यादि इलाकों में दोपहर बाद जबरदस्त ओलावृष्टि हुई। ओलों का आकार भी सामान्य से कहीं ज्यादा था, जिससे सेब व चेरी के फलों को नुक्सान हुआ है। इस दौरान मैदानी भागों कांगड़ा, हमीरपुर, बिलासपुर व मंडी इत्यादि में भी झमाझम बरसात हुई, जिससे गेहूं की कटी फ सल को भारी नुक्सान पहुंचा है। बारिश से खेतों में पानी भरने से गेहूं का कटाई कार्य भी प्रभावित हुआ है।

6 मई तक खराब रहेगा मौसम

किसानों-बागवानों की चिंता अभी और बढऩे वाली है। मौसम विभाग की मानें तो आगामी 6 मई तक बारिश व ओलावृष्टि जारी रहने की संभावना है। मध्यपर्वतीय क्षेत्रों में 4 मई को भारी वर्षा व ओलावृष्टि का यैलो अलर्ट भी जारी किया गया है। प्रदेश में वीरवार को दिन की शुरूआत साफ  मौसम के साथ हुई थी लेकिन दोपहर को मौसम के मिजाज बिगड़ गए। अप्पर शिमला में कुछ क्षेत्र ओलावृष्टि से सफेद नजर आने लगे। शिमला शहर में भी दिन में अंधेरा छा गया और बादलों की गरज-चमक के साथ वर्षा हुई। मौसम के इन तेवरों से गेहूं की फ सल के खराब होने का अंदेशा बना हुआ है। मैदानों में इन दिनों गेहूं की कटाई का कार्य जोरों पर चल रहा है। किसान 30 से 40 फीसदी  तक के नुक्सान की आशंका जता रहे हैं।

कांगड़ा में 9 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड

मौसम विभाग के मुताबिक कांगड़ा में 9, सुंदरनगर में 7, जुब्बड़हट्टी में 2 और सोलन व मनाली में 1-1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं वीरवार को ऊना जिला सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 36 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। कांगड़ा में अधिकतम तापमान 30.3, सुंदरनगर में 30, मंडी में 28.6, नाहन में 28.5, भुंतर में 27.5. सोलन में 27.2, जुबड़हट्टी में 25.7, बिलासपुर में 25, हमीरपुर में 24.8, पालमपुर में 23.9 और शिमला में 20.6 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

6 जिलों में 4 मई को आंधी व ओलावृष्टि की आशंका

मौसम विभाग के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बारिश-ओलावृष्टि हो रही है। उन्होंने कहा कि आगामी 6 मई तक प्रदेश में मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान मैदानों व मध्यपर्वतीय क्षेत्रों में गरज के साथ बारिश व उच्च पर्वतीय भागों में बारिश-बर्फबारी की संभावना है। शिमला, मंडी, सोलन, सिरमौर, चम्बा व कुल्लू जिलों में 4 मई को आंधी व ओलावृष्टि की आशंका के चलते यैलो अलर्ट जारी किया गया है।

Vijay