हिमाचल में बुधवार से बारिश व ओलावृष्टि की चेतावनी, जानिए कब तक खराब रहेगा मौसम
Tuesday, Apr 19, 2022 - 10:01 PM (IST)
शिमला (राजेश): हिमाचल में बुधवार से मौसम फिर करवट लेगा। 20 और 21 अप्रैल को पूरे प्रदेश में बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने तेज बारिश के साथ बिजली कड़कने का अलर्ट भी जारी किया है। इस दौरान प्रदेश में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि के आसार भी हैं। विभाग के अनुसार प्रदेश में 23 अप्रैल तक मौसम खराब रहेगा। वहीं सोमवार को प्रदेश में धूप खिली रही। बारिश से पहले हिमाचल में गर्मी का प्रकोप चरम पर है। ऊना में अधिकतम तापमान 42 डिग्री पहुंच गया है। इसके अलावा कई जिलों में तापमान 35 डिग्री से ऊपर चला गया है। 20 और 21 को बारिश होने से प्रदेश में पिछले करीब 2 महीनों से चल रहा ड्राई स्पैल समाप्त हो सकता है। हालांकि प्रदेश में बीते दिनों कई क्षेत्रों में बारिश की बौछारें हुई हैं लेकिन प्रदेश में चल रहा ड्राई स्पैल अभी भी बरकरार है। ड्राई स्पैल के कारण किसानों व बागवानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ड्राई स्पैल से प्रदेश में वाटर सप्लाई की कई योजनाएं प्रभावित
ड्राई स्पैल के कारण प्रदेश में वाटर सप्लाई की कई योजनाएं प्रभावित हुई हैं। प्राकृतिक स्त्रोतों में पानी की कमी के कारण वाटर सप्लाई स्कीमें प्रभावित हैं। इससे जहां कई-कई स्थानों पर पेयजल की किल्लत भी देखी जा रही है तो वहीं सिंचाई के लिए पानी की कमी भी हो रही है। पानी की कमी के कारण मटर, आलू, फूलगोभी, फ्रासबीन व अन्य फसलें सूखने की कगार पर हैं। वहीं बागवानी पर भी खतरे के बादल हैं। हवा में नमी होने के कारण सेब के बगीचों में पाऊडरी मिल्डयू समेत कई तरह के रोग पनप रहे हैं।
शिमला सहित प्रदेश में खिली रही धूप
मंगलवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के लगभग सभी जिलोंं में धूप खिली रही। धूप खिलने से गर्मी का प्रकोप भी जारी रहा। प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान ऊना जिले में दर्ज किया गया। यहां का अधिकतम तापमान फिर से 42 डिग्री है। वहीं राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 27.3 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा सुंदरनगर 36.2, भुंतर 34.8, कल्पा 21.7, धर्मशाला 35, नाहन 35.5, केलांग 18, पालमपुर 30.6, सोलन 35.0, मनाली 25.2, कांगड़ा 36.4, मंडी 36.2, बिलासपुर 37, हमीरपुर 36.4 और चम्बा में 35.1 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here