हिमाचल के 6 जिलों में आंधी के साथ बारिश का अलर्ट, पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार

Tuesday, Feb 02, 2021 - 10:21 PM (IST)

शिमला (हैडली): हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के लिए राजधानी शिमला में इस बार अलग ही मंजर देखने को मिल रहा है। सर्दियों के मौसम में जहां बर्फबारी से शिमला का मौसम ठंडा रहता हैं तो वहीं इस बार यहां का मौसम राजधानी दिल्ली के तापमान को टक्कर दे रहा है। पिछले एक महीने से प्रदेश में बारिश व बर्फबारी नहीं हुई है। लगातार धूप खिलने शिमला में तापमान धीरे-धीरे बढऩे लगा है। मौसम विभाग ने हालांकि बुधवार से बारिश व बर्फबारी के आसार जताए हैं लेकिन बर्फबारी से पहले शिमला का तापमान दिल्ली से भी अधिक हो गया है।

देश की राजधानी दिल्ली में जहां न्यूनतम तापमान 6 डिग्री चल रहा है तो वहीं शिमला का तापमान 6.8 डिग्री चल रहा है। न सिर्फ दिल्ली बल्कि चडीगढ़, अमृतसर, अंबाला व हिसार भी शिमला से ठंडे हैं। वहीं मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश में बुधवार से बारिश व बर्फबारी की संभावना है। निचले व मैदानी इलाकों में तेज आंधी के साथ बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने तेज आंधी के साथ बारिश को लेकर प्रदेश के 6 जिलों में यैलो अलर्ट जारी किया है। इनमें ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी व सोलन जिला के निचले क्षेत्र शामिल है। वहीं मध्यम एवं ऊपरी क्षेत्रों में बारिश व बर्फबारी के आसार हैं।

5 फरवरी को प्रदेश के ऊपरी व मध्यम क्षेत्रों में बारिश व बर्फबारी हो सकती हैं जबिक निचले क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना बनी हुई है। इस दौरान आंधी व तूफान की कोई चेतावनी नहीं है। 5 फरवरी के बाद प्रदेश में मौसम फिर से साफ  हो जाएगा। इसके बाद प्रदेश में धूप खिलने का सिलसिला फिर से शुरू हो जाएगा। ऐसे में आने वाले तीन दिनों तक प्रदेश में बारिश व बर्फबारी होने से प्रदेश के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिसके कारण समूचे प्रदेश में एक बार फिर से शीतलहर का सिलसिला जारी हो जाएगा।

वहीं मंगलवार को को प्रदेश के सभी जिलों में दिनभर धूप खिलने से मौसम सुहावना बना रहा। मंगलवार को लाहौल-स्पीति के केलांग में सबसे कम तापमान दर्ज किया गया है। यहां का न्यूनतम तापमान -7.3 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं बिलासपुर के बरठीं में सबसे ज्यादा तापमान दर्ज किया गया। यहां का अधिकतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया गया है।

Vijay