कांगड़ा में यहां होगी राहुल गांधी की रैली, कांग्रेस का 50 हजार लोगों की भीड़ जुटाने का दावा(Video)

Thursday, Feb 28, 2019 - 12:17 PM (IST)

शिमला (योगराज): आगामी 7 मार्च को कांगड़ा जिला के शाहपुर के चम्बी मैदान से कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी लोकसभा चुनाव का बिगुल फूंकेंगे। कांग्रेस प्रदेश महासचिव, संगठन एंव प्रशासन रजनीश किमटा ने बताया कि राहुल गांधी की रैली को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं और कांग्रेस की आमसभा में प्रदेश कांग्रेस के सभी नेताओं से बातचीत कर रैली को कांगड़ा के शाहपुर स्थित चम्बी ग्राऊंड में करने का फैसला लिया गया है। रैली में 50 हजार लोगों की भीड़ जुटाई जाएगी और राहुल गांधी की रैली हिमाचल में ऐतिहासिक होने वाली है।

चारों लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करना कांग्रेस का लक्ष्य

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने प्रदेश के सभी नेताओं को रैली को सफल बनाने के लिए दिशा-निर्देश दिए हैं। कांग्रेस के प्रदेश में नए अध्यक्ष बनने के बाद पार्टी में एकजुटता बढ़ी है और कांग्रेस की आमसभा में भी सभी नेताओं ने भाग लेकर लोकसभा चुनावों में जीत हासिल करने के एक ही लक्ष्य को लेकर अपनी बात सामने रखी है।

मीडिया विभाग में इन्हें सौंपी प्रवक्ता की जिम्मदारी

उन्होंने बताया कि लोकसभा चुनावों के मद्देनजर प्रदेश कांग्रेस ने कुछ नेताओं को मीडिया विभाग में प्रवक्ता की जिम्मेदारियां सौंपी हैं। प्रवक्ता की सूची में कुलदीप सिंह पठानिया, संजय रतन, अजय वर्मा, कंवर नरेंद्र सिंह, राम स्वरूप षर्मा, प्रेम कौशल, डॉ. चंद्रशेखर शर्मा, चेतराम ठाकुर, केशव नायक, रमेश चौहान व इंदू पटियाल शामिल हैं जबकि मीडिया पैनलिस्ट में डॉ. अजय कुमार आजाद, जगमोहन मल्होत्रा, प्रशांत ठाकुर, राकेश धरवाल, विजय डोगरा, स्वतंत्र महाजन, पुनीत मल्ली, एडवोकेट मदनलाल, संजय शर्मा, अमन सेठी व कौल राकेश पंथ शामिल हैं।

पी.ओ.के. में एयर स्ट्राइक सराहनीय कदम

कांग्रेस महासचिव ने भारतीय वायु सेना द्वारा पी.ओ.के. में की गई एयर स्ट्राइक को सराहनीय कदम बताते हुए कहा है कि भारतीय सेना पाकिस्तान की हर नापाक हरकत का जवाब देने में सक्षम है। कांग्रेस पार्टी केंद्र सरकार के साथ खड़ी है देश हित में सरकार जो भी फैसला लेती है कांग्रेस उसका स्वागत करती है।

Vijay