राहुल गांधी ने समझा लाहौलवासियों का दर्द, सुक्खू को पत्र लिखकर कही ये बात

Tuesday, Nov 27, 2018 - 10:15 PM (IST)

शिमला (राक्टा): अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने जनजातीय जिला लहौलवासियों का दर्द समझते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू को एक पत्र लिखा है। इसके माध्यम से उन्होंने प्रदेश कांग्रेस को रोहतांग टनल से स्थानीय लोगों को आने-जाने की अनुमति दिलाने के लिए मामला सरकार से उठाने को कहा है। अब कुछ दिन पूर्व रोहतांग दर्रा बंद होने के बाद लहौल-स्पीति के कुछ लोगों ने बिना अनुमति के रोहतांग सुरंग को पार करने का प्रयास किया, जिसमें 2 महिलाएं बुरी तरह से घायल भी हो गईं थीं। इसे लेकर बहुत बवाल भी हुआ था। इसके बाद से जिला के लोग रोहताग सुरंग को सर्दियों के सीजन में सप्ताह में 2 दिन प्रयोग करने की अनुमति देने की मांग कर रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को लिखे पत्र में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि गत सप्ताह रोहतांग दर्रा के बंद होने के कारण जिला के लोग अगले साल अप्रैल-मई तक कट गए हैं, ऐसे में यह मामला प्रमुखता से उठाया जाए ताकि स्थानीय लोगों को दिक्क तों का सामना न करना पड़े।

सेब की फसल को हुआ नुक्सान

राहुल गांधी ने पत्र में कहा है कि हाल ही में हुई भारी बारिश, बर्फबारी व बादल के फटने के कारण लहौल-स्पीति के लोगों की सेब की फसल बुरी तरह से तबाह हो गई थी। लोग अब आलू की फसल को बाजार तक पहुंचाने के लिए यातायात की सहायता चाहते हैं। उन्होंने कहा कि सुरंग का कार्य अभी जारी है तथा आपदा के समय ही बी.आर.ओ. सुरंग का प्रयोग करने की अनुमति देता है। उन्होंने कहा कि रोहतांग सुरंग के कार्य का शुभारंभ यू.पी.ए. अध्यक्ष सोनिया गांधी ने वर्ष 2010 में किया था। स्थानीय लोगों की समस्या को देखते हुए उन्होंने प्रदेश कांग्रेस कमेटी को इस सुरंग का प्रयोग आम लोगों के लिए उपलब्ध करवाने का मामला उचित प्रबंधन से उठाने को कहा है।

सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है रोहतांग टनल

लहौल-स्पीति का प्रवेश द्वार रोहतांग दर्रे के हिमपात के कारण बंद होने के बाद जिला करीब 5 माह के लिए सड़क मार्ग से कट जाता है। जिला के लिए हवाई मार्ग ही इस दौरान एक मात्र विकल्प होता है। लोकसभा चुनाव से पहले रोहतांग टनल का कार्य पूरा होने की संभावना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इसका उद्घाटन करेंगे। उल्लेखनीय है कि रोहतांग टनल सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है।

Vijay