देश में सिर्फ 22 लोगों के लिए काम करती है मोदी सरकार, सिरमौर के नाहन में गरजे राहुल गांधी
punjabkesari.in Sunday, May 26, 2024 - 02:23 PM (IST)

नाहन (आशु): कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने सिरमौर जिला के मुख्यालय नाहन के चम्बा ग्राऊंड में चुनावी जनसभा को सम्बोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित केंद्र सरकार पर करारा जुबानी हमला बोला है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार जो भी काम कर रही है, वह सिर्फ देश के 22 से 25 लोगों के लिए कर रही है। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस किसानों का कर्ज माफ करती है तो मीडिया कहती है कि कांग्रेस किसानों और मजदूरों की आदत बिगाड़ रही है। मीडिया पर निशाना साधते हुए कहा कि क्या कभी टीवी पर कोई सेब का बागवान या कोई मजदूर दिखाया जाता है लेकिन अंबानी की शादी जरूर दिखाई जाती है। देश में सिर्फ 22-25 लोगों हैं, वो जो भी सपना देखते हैं, पूरा हो जाता है और बाकी हिंदोस्तान देखता रह जाता है। पूरा देश जानता है कि अगर नरेंद्र मोदी है तो अडानी का बिजनैस आसमान में जाएगा।
राहुल ने कहा कि देश में आजादी के बाद संविधान बना है, लेकिन ये संविधान की सोच हजारों साल पुरानी है। ये संविधान हमारे देश के महापुरुषों की सोच है लेकिन आज बीजेपी के नेता और कार्यकर्ता इस संविधान पर आक्रमण कर रहे हैं। ये कहते हैं कि हम ये संविधान फाड़ देंगे और नया संविधान बनाएंगे। वहीं, दूसरी ओर देश के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर हमारे कार्यकर्ताओं ने देश को ये संविधान दिया है। राहुल गांधी ने कहा कि ये संविधान कोई मामूली किताब नहीं है। संविधान भारत की बहुत पुरानी आवाज है, लेकिन भाजपा का कहना है कि हमें देश की आवाज नहीं चाहिए, सिर्फ नरेंद्र मोदी की आवाज चाहिए।
राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने वायदा किया था कि वह 2 करोड़ युवाओं को रोजगार देंगे, लेकिन कुछ नहीं हुआ। हमने पता लगाया कि 30 लाख सरकारी नौकरियां खाली पड़ी हैं वो 30 लाख नौकरी हम आपको देंगे। हम हिंदुस्तान के स्नातकों के लिए एक नया अधिकार लाने जा रहे हैं जिसका नाम 'पहली नौकरी पक्की अधिकार' है। राहुल ने कहा कि मोदी ने देश में 22 अरबपति बनाए हैं, लेकिन हम करोड़ों लखपति बनाएंगे। देश के सभी गरीब लोगों की लिस्ट बनेगी। हर गरीब परिवार में एक महिला को चुना जाएगा और 5 जुलाई को देश की करोड़ों महिलाओं के बैंक अकाऊंट पर 8 हजार 500 रुपए ठकाठक ठकाठक जमा होंगे। उन्होंने कहा कि 22 लोगों के नरेंद्र मोदी ने 16 लाख करोड़ रुपए माफ किए हैं।
राहुल गांधी ने हिमाचल आपदा को लेकर केंद्र सरकार को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि हिमाचल मुश्किल में था। प्रदेश में 22 हजार परिवारों को नुक्सान हुआ, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने 9 हजार करोड़ देने से मना कर दिया। उन्होंने हिमाचल के सेब बागवानों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी, मीडिया और अडानी के साथ के कारण हिमाचल के बागवानों को उनके सेब का सही दाम नहीं मिलता है। अडानी ग्रुप हिमाचल में सेब के दामों को कंट्रोल कर रहा है, लेकिन सरकार का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। हिमाचल के सेब से लेकर देशभर के एयरपोर्ट तक मोदी ने अडानी के हवाले कर दिए हैं।
प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा कि मोदी कहते हैं कि वो देशभर में एक ऐसे व्यक्ति हैं, जिनका परमात्मा से कनैक्शन है। जब मोदी ऐसा कहते हैं तो उनके मित्र कहते हैं कि वाह, वाह कमाल की बात बोल दी। मोदी अडानी के मित्र हैं, उनकी हर बात मानते हैं, हर मदद करते हैं तो क्या ये भी परमात्मा ने कहा है कि अडानी की मदद करो। इससे पूर्व राहुल ने कहा कि मैं अपने नेताओं व कार्यकर्ताओं को बब्बर शेर कहता हूं। यूं तो बब्बर शेर जंगल में अकेला रहता है, लेकिन हिमाचल के हजारों बब्बर शेर आज यहां पर मौजूद हैं।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here