Watch Video: राहुल बोले- कांग्रेस को कांग्रेस के लोगों ने ही हराया

Friday, Dec 29, 2017 - 05:16 PM (IST)

शिमला (राजीव): कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के शिमला दौरे के दौरान विधानसभा चुनाव में हुई हार पर मंथन किया। कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि हिमाचल में पार्टी एकजुट होकर चुनाव नहीं लड़ी है। इस कारण रिजल्ट अच्छा नहीं रहा। उन्होंने दो टूक कहा कि पार्टी में अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राहुल ने कहा कि कांग्रेस को यहां कांग्रेस के लोगों ने ही हराया है। अगर सब एकजुट होकर लड़ते तो चुनाव हर हाल में जीतते। 


राहुल ने बैठक में कहा कि पार्टी की खिलाफत करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे। चाहे वे मंत्री रहे हों या कोई और। उन्होंने कहा कि जो जनता में रहेंगे, वे ही पार्टी के नेता हैं और कोई बड़ा नेता नहीं है। कई जगह कुछ नेताओं ने खुद को बड़ा नेता बताया, लेकिन वे चुनाव हार गए। उन्होंने कहा कि बड़ा नेता कोई नहीं है। सब बराबर हैं और जो काम करेगा, वह आगे आएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि पार्टी के काम में सभी लोग जुट जाएं। राज्य में सत्तासीन हुई बीजेपी और केंद्र सरकार के कामकाज को लेकर लोगों के बीच जाएं। 


इस मौके पर राहुल गांधी के साथ कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्‍खू भी मौजूद रहे। 


वहीं दूसरी ओर राहुल गांधी की बैकडोर से एंट्री होने पर कार्यकर्ताओं में खासा रोष दिखा।


उन्होंने राहुल से नहीं मिलने देने पर दफ्तर के बाहर नारेबाजी करनी शुरू कर दी। मुख्य द्वार पर भी धक्का मुक्की करने लगे।