देश में पहली बार आयोजित हो रही प्रो वॉलीबॉल लीग, यह दो खिलाड़ी दिखाएंगे अपना हुनर

Monday, Dec 17, 2018 - 04:16 PM (IST)

शिमला (जय): हिमाचल राज्य खेल परिसर के 2 वॉलीबॉल खिलाड़ियों के उम्दा प्रदर्शन के चलते इनको देश में पहली बार आयोजित होने वाली प्रो. वॉलीबॉल लीग के लिए लगी बोली में खरीदा गया है। इस लीग के मुकाबले चेन्नई व कोची के बीच आगामी वर्ष के 2 फरवरी से आयोजित किए जाएंगे। इस लीग में भारत की 6 टीमें भाग लेंगी। इन टीमों में एक विदेशी वालीबाल खिलाड़ी को भी शामिल किया गया है। राज्य खेल परिसर के खिलाड़ी रमन को स्पाइकर के तौर पर चुना गया है। रमन को अहमदाबाद डिफैंडर ने 1 लाख 60 हजार रुपए में खरीदा है। इसके साथ ही अक्षय कपटा को 1 लाख रुपए में यू मुम्बा ने खरीदा है।

ये दोनों खिलाड़ी खेल परिसर में वॉलीबॉल कोच राकेश धौटा से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैंं। सभी खिलाड़ियों को राज्य खेल परिसर के डिप्टी डायरैक्टर सुबोध रुमोल ने बधाई दी है। अक्षय कपटा टीम में लिब्रो खेंगे। अक्षय कापटा उपमंडल रोहड़ू के शलान के रहने वाला है, जबकि रमन मूल रूप से हरियाणा से संबंध रखता है। दोनों खिलाड़ी लंबे समय से इंदिरा गांधी राज्य खेल परिसर शिमला में वॉलीबॉल कोच राकेश धौटा के पास अपना प्रशिक्षण ले रहे हैं। परिसर के सभी खिलाड़ियों ने इनके प्रो वॉलीबॉल लीग में चयन पर खुशी जाहिर की है। सभी खिलाड़ी उत्साहित भी महसूस कर रहे हैं। 

3 महिला खिलाड़ियों का भी हुआ चयन

पुरुष ही नहीं राज्य खेल परिसर की महिला खिलाड़ी भी किसी से पीछे नहीं हैं। परिसर की 3 महिला खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है जिनमें से डिम्पल व साक्षी ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में भाग लेंगी। यह प्रतियोगिता 17 से 20 दिसम्बर तक जयपुर में खेली जाएगी। इसके साथ ही राज्य खेल परिसर की एक अन्य महिला वालीबाल खिलाड़ी भावना का जूनियर नैशनल के लिए चयन हुआ है। जूनियर नैशनल प्रतियोगिताएं चंडीगढ़ में 19 से 25 दिसम्बर तक होंगी।

Ekta