पक कर तैयार हुआ बेशकीमती पहाड़ी बादाम, जानिए बाजार में क्या है कीमत (PICS)

Monday, Oct 28, 2019 - 03:16 PM (IST)

रामपुर बुशहर (विशेषर नेगी): विश्व के आधा दर्जन से भी कम देशों में पाया जाने वाला औषधीय गुणों व पोषक तत्व से युक्त चिलगोजा हिमाचल के किन्नौर में पक कर तैयार हो गया है। लोगों का कहना है कि चिलगोजा की पैदावार साल दर साल घटती जा रही है। जानकार इसका एक कारण पेड़ों से अवैज्ञानिक डंग से चिलगोजे के कोण निकालना भी मान रहे हैं।


चिलगोजा निकालने वाले लोगों का कहना है कि इस बार फसल करीब 25 से 30 फीसदी है। जिस कारण स्थानीय बाजार में दाम 1400 रुपए प्रतिकिलो मिल रहे है। संभावनाएं जताई जा रही है कि मांग को देखते हुए आने वाले समय में दाम और अधिक होंगे। ग्रामीणों के अनुसार चिलगोजा निकालना काफी मेहनत का काम है।


पहले लोग जंगलों में चिलगोजे के पेड़ों से कोण निकाल कर घरों में एकत्रित करते हैं। उसके दो हफ्ते बाद कोण नरम पड़ते ही कोण को काट कर अंदर से चिलगोजा निकला जाता है। चिलगोजा के जंगल 1800-3350 मीटर की ऊंचाई पर पाए जाते हैं। चिलगोजा की फसल को तैयार होने में 15 माह से अधिक समय लगता है। इसकी फसल अगले वर्ष कैसे होगी इस का पता भी पेड़ों से पहली फसल निकलते ही लग जाता है। चिलगोजा किन्नौर के सैकड़ों किसानों की आर्थिकी का प्रमुख साधन है।

Ekta