हिमाचल के सुंदरनगर में प्रियंका गांधी की रैली रद्द और ठियोग में गरजे राज बब्बर,पढ़ें खास खबरें

Tuesday, May 14, 2019 - 08:40 PM (IST)

शिमला: हिमाचल में 19 मई को होने वाले लोकसभा चुनावों के लिए दोनों दलों कांग्रेस और भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं ने हिमाचल में प्रचार तेज कर दिया है। मनाली-चंडीगढ़ नैशनल हाईवे-205 पर स्वारघाट आर.टी.ओ. बैरियर के समीप बस-ट्रक में भिड़ंत हो गई। किन्नौर के सांगला में मंगलवार सुबह करीब 7 बजे पहाड़ी से चट्टानें गिरने से मार्ग अवरुद्ध हो गया। चंबा में एक कार अनियंत्रित होकर रावी के किनारे जा गिरी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंगलवार को ऊना की सभी पांचों विधानसभाओं में अलग-अलग पांच जनसभाओं को संबोधित किया। पांवटा साहिब के बहरहाल में एक नवनिर्मित उद्योग में काम कर रहे 3 युवकों पर गर्म गर्म केमिकल गिर गया। इन्हीं सब मुद्दों को लेकर हिमाचल में घटित खबरों से हम आपको अवगत करवाते हैं।

चुनाव प्रचार को शिमला पहुंचे ये BJP नेता
हिमाचल में 19 मई को होने वाले लोकसभा चुनावों के लिए दोनों दलों कांग्रेस और भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं ने हिमाचल में प्रचार तेज कर दिया है। शिमला प्रचार करने पहुंचे भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम जाजू ने पत्रकार वार्ता में कहा कि मोदी सरकार ने हिमाचल प्रदेश को 12 हजार करोड़ की विभिन्न योजनाएं दी हैं। हिमाचल में जयराम सरकार ने पहले ही वित्त वर्ष में 32 नई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं। केंद्र व प्रदेश की डबल इंजन की सरकार बेहतरीन कार्य कर रही है। 19 मई के अंतिम चरण के चुनाव में भाजपा को बहुमत मिलने वाला है। हिमाचल की चारों सीटों पर भाजपा पार्टी जीत दर्ज कर रही है।

पहाड़ी से चट्टानें गिरने से सांगला मार्ग अवरुद्ध
किन्नौर के सांगला में मंगलवार सुबह करीब 7 बजे पहाड़ी से चट्टानें गिरने से मार्ग अवरुद्ध हो गया, जिसके चलते आईटीबीपी के कई जवानों सहित सैकड़ों सैलानी यहां फंस गए। उल्लेखनीय है कि सांगला के इस सम्पर्क मार्ग पर पिछले कई दिनों से चट्टानों के गिरने का मामला सामने आया जिसके कारण बीच-बीच में यह मार्ग बंद होता है। वहीं मार्ग बहाली के लिए मजदूर और विभाग की तरफ से मशीनें लगाई गई हैं और चट्टानों को ब्लास्टिंग कर जल्द ही मार्ग बहाल कर दिया जाएगा।

मनाली-चंडीगढ़ NH पर हादसा
मनाली-चंडीगढ़ नैशनल हाईवे-205 पर स्वारघाट आर.टी.ओ. बैरियर के समीप बस-ट्रक में भिड़ंत हो गई। यह हादसा बस चालक के नियंत्रण खोने से पेश आया है।जानकारी के अनुसार मनाली से दिल्ली जा रही एच.आर.टी.सी. की वोल्वो बस की मंगलवार को दोपहर बाद 3 बजे के करीब स्वारघाट के पास आर.टी.ओ. बैरियर के समीप कितरपुर से बिलासपुर की तरफ जा रहे ट्रक से टक्कर हो गई।

अनियंत्रित होकर रावी किनारे जा गिरी कार, 2 लोग घायल
चंबा में एक कार अनियंत्रित होकर रावी के किनारे जा गिरी। जिससे हादसे में दो लोग घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा ले जाया गया है। जानकारी के अनुसार भरमौर के तहत दुनाली के पास मंगलवार सुबह करीब 11 बजे यह हादसा हुआ। आरंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में घायल एक युवक चंबा के जुलाहकड़ी मोहल्ले का निवासी है, जबकि दूसरा व्यक्ति ऑपरेटर बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद गैहरा चौकी की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई है और आगामी जांच कर रही है।

516.32 ग्राम चरस के साथ पकड़ा युवक
ज्वालाजी पुलिस ने बस स्टैंड में खड़े एक स्कूटर की डिक्की से आधा किलो चरस बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने स्कूटर के मालिक को हिरासत में ले लिया है। आरोपी की पहचान ज्वालाजी के वार्ड नम्बर 1 के रहने बाले अशोक कुमार उर्फ लवली के रूप में हुई है। डीएसपी तिलक राज ने मामले की पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि उक्त व्यक्ति काफी समय से चरस का व्यापार कर रहा है। इस पर थाना प्रभारी पुरषोत्तम धीमान के नेतृत्व में एएसआई दूनी चंद व उनकी पुलिस टीम ने जब उक्त व्यक्ति की दुकान में छापेमारी की तो इस बीच पुलिस को यहां दुकान से 6.32 ग्राम चरस बरामद की।

चंदेल कांग्रेस के डूबते जहाज को छोड़कर वापस आ जाएं: शांता
पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद शांता कुमार ने सुरेश चंदेल को अंतिम परामर्श दिया है कि वह अभी भी संभल जाए तथा कांग्रेस के डूबते जहाज को छोड़ कर वापस आ जाएं। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी ने उन्हें 3 बार सांसद बनाया, प्रदेश का अध्यक्ष बनाया और जो संघ की शाखा में निस्वार्थ देशभक्ति के संस्कार लेते रहे वे कांग्रेस के जर्जर और डूबते जहाज में छलांग मारकर क्यों चले गए। वे स्वंय पश्चाताप करेंगे। उन्होंने कहा सुबह का भूला शाम को घर आ जाए तो भूला नहीं समझा जाता। अभी तो शाम नहीं हुई दोपहर ही है।

CM ने अग्निहोत्री पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंगलवार को ऊना की सभी पांचों विधानसभाओं में अलग-अलग पांच जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान गगरेट विधानसभा में अपने संबोधन के दौरान उन्होंने नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री पर जमकर व्यंगात्मक कटाक्ष किया। उन्होंने नेता विपक्ष के कुछ अधिक ही जल्दी में होने की बात कहते हुए उनके सब्र संयम नहीं होने की बात कही। जयराम ने अग्निहोत्री को जुगाड़ से बना हुआ ऐसा नेता विपक्ष बताया जिससे वही लोग परेशान हैं जिन्होंने उन्हें नेता विपक्ष चुना था। मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर की गई उनकी खुद की टिप्पणियों पर नेता विपक्ष द्वारा की गई आपत्ति और संभलकर बोलने की नसीहत पर आक्रामक जवाब दिया।

खराब मौसम के चलते प्रियंका गांधी का सुंदरनगर दौरा भी रद्द
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव व कांग्रेस की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी का मंगलवार को मंडी संसदीय क्षेत्र के सुंदरनगर में भी प्रस्तावित दौरा रद्द हो गया है। बता दें कि उनके दौरा रद्द होने की वजह खराब मौसम बताई जा रही है। सुंदरनगर में सोमवार देर रात से बारिश हो रही है। जिसके चलते प्रियंका गांधी का हेलीकॉप्टर नहीं उतर पाया। इससे प्रियंका का इंतजार कर रहे रैली में पहुंचे लोगों को निराशा हाथ लगी। वहीं, रैली स्थल पर पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर, रजनी पाटिल, पंडित सुखराम, मंडी लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी आश्रम शर्मा, पूर्व सीपीएस सोहन लाल ठाकुर सहित अन्य नेता मौजूद रहे। इस दौरान इन नेताओं ने जनसभा को संबोधित किया।

प्रियंका गांधी की सुरक्षा में बड़ी चूक
सुंदरनगर में आयोजित कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की जनसभा में सुरक्षा नियमों को अनदेखा करते हुए एक बड़ी चूक हुई है। सोशल मीडिया के नाम व न्यूज पोर्टल के नाम पर प्रेस पास जारी किए गए जबकि प्रिंट मीडिया व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े अधिकतर पत्रकारो को कड़ी मशक्कत उपरांत जनसभा से कुछ समय पूर्व प्रेस पास बनवाए।

नवनिर्मित उद्योग में काम कर रहे युवकों पर गिरा गर्म Chemical
पांवटा साहिब के बहरहाल में एक नवनिर्मित उद्योग में काम कर रहे 3 युवकों पर गरम गरम केमिकल गिर गया। जिस कारण वह बुरी तरह से झुलस गए। जिन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल पांवटा लाया गया। जहां उनका उपचार हो रहा है। वहीं डॉक्टर संजीव सहगल ने बताया कि तीनों युवको का शरीर 10 से 20% तक झुलसा हुआ हैं।

शिमला के ठियोग में गरजे राज बब्बर, PM मोदी पर जमकर साधा निशाना
ठियोग में कांग्रेस रैली में स्टार प्रचारक व यू.पी. कांग्रेस के अध्यक्ष राज बब्बर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करते हुए कहा कि मोदी व उनकी सेना शेख चिल्ली की तरह फैंकती है। राज बब्बर ने मोदी से सवाल किया कि पुलवामा हमले में कई जवान शहीद हुए लेकिन अब तक यह पता नहीं चल पाया कि 350 किलो विस्फोटक पदार्थ देश की सीमा के अंदर कैसे लाया गया।

kirti