हिमाचल में कांग्रेस इस दिन शुरू करेगी ‘‘देश बचाओ संविधान बचाओ’’ अभियान

Thursday, Dec 19, 2019 - 07:55 PM (IST)

शिमला (तिलक राज): दिल्ली में कांग्रेस की भारत बचाओ रैली में हिमाचल से एक हजार की की बजाय 6 हजार कांग्रेसी कार्यकर्ता जुटे जोकि पार्टी के लिए शुभ संकेत है। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस एकजुट है व आने वाले समय में भाजपा को उखाड़ फैंकेंगे। ये बात कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सिंह कुलदीप राठौर ने शिमला में आयोजित पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपना 134वां स्थापना दिवस मनाने जा रही है। इस उपलक्ष पर 28 दिसम्बर को कांग्रेस विभिन्न कार्यक्रम करेगी। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश में 28 दिसम्बर से ‘‘देश बचाओ संविधान बचाओ’’ अभियान शुरू करने जा रही है। इससे पहले 26 दिसम्बर को प्रदेश सरकार की नाकामियों को लोगों के सामने रखा जाएगा।

नागरिकता संशोधन बिल लाने की नहीं थी जरूरत

वहीं नागरिकता संशोधन बिल को लेकर उन्होंने कहा कि आज देश विकट परिस्थितियों के दौर से गुजर रहा है। नागरिकता संशोधन बिल लाने की जरूरत नहीं थी। बिना विपक्षी दलों को विश्वास में लिए ये बिल क्यों लाया गया। आज देश आर्थिक मंदी के दौर से गुजर रहा है। महिला उत्पीड़न के मामले बढ़ रहे हैं। कुलदीप सेंगर व चिन्मयानंद जैसे भाजपा के नेता ही महिला उत्पीड़न कर रहे हैं। महंगाई आसमान छू रही है। उसकी चिंता न कर सरकार नागरिकता संसोधन जैसे बिल लाकर मूल समस्याओं से ध्यान भटकाने की कोशिश सरकार कर रही है।

चुनाव में कांग्रेस पार्षदों को धमकाने के प्रयास, प्रलोभन भी दिए

उधर, मेयर व डिप्टी मेयर पद के लिए हुए चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने भी अपने उम्मीदवार दिए। इस दौरान कांग्रेस के पार्षदों के ऊपर दबाब बनाया गया। उन्हें प्रलोभन देने के साथ डराया-धमकाया गया। बावजूद इसके कांग्रेस ने एकजुटता दिखाई व सभी 11 पार्षदों ने एकतरफा मतदान किया। मतदान के बाद भाजपा के पार्षद जश्न से नदारद दिखे।

Vijay